बीए में आज ईडब्ल्यूएस वालों का प्रवेश
इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में बुधवार को बीए में गरीब सवर्णों का दाखिला होगा। आर्थिक रूप से कमजोर (ईडब्ल्यूएस) वर्ग समेत एससी और एसटी वर्ग के अभ्यर्थियों को तीन जुलाई को प्रवेश भवन बुलाया गया है। वहीं, बीएससी जीव विज्ञान एवं गणित में ईब्ल्यूएस वर्ग के अभ्यर्थियों का दाखिला पांच जुलाई को होगा। इसके लिए इविवि प्रशासन की ओर से कटऑफ अंक जारी किए गए हैं। वहीं, बीएएलएलबी में चार जुलाई को दाखिले होंगे, जबकि बीएससी में पांच एवं छह जुलाई को प्रवेश लिए जाएंगे।
मंगलवार को बीए में प्रवेश के लिए ओबीसी एवं एसटी वर्ग के अभ्यर्थियों को प्रवेश भवन बुलाया गया था। इस दौरान कुल 298 दाखिले हुए। प्रवेश लेने वाले सभी अभ्यर्थी ओबीसी वर्ग के हैं। एसटी वर्ग से कोई अभ्यर्थी दाखिला लेने नहीं पहुंचा। इसके साथ ही इविवि प्रशासन ने बीएससी जीव विज्ञान और बीएससी गणित में भी प्रवेश के लिए काउंसलिंग का कार्यक्रम जारी कर दिया है। सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि पर सुबह नौ से 12 बजे के बीच प्रवेश भवन में रिपोर्ट करने को कहा गया है।
इविवि में दाखिले
- बीए में तीन जुलाई को 146 या अधिक अंक ईडब्ल्यूएस वर्ग, 134 या अधिक अंक एससी वर्ग, सभी अभ्यर्थी एसटी वर्ग
- बीएएलएलबी में चार जुलाई को 176.40 या अधिक अंक सभी श्रेणी, 163.40 या अधिक ओबीसी, 140 या अधिक एससी, सभी अभ्यर्थी एसटी वर्ग, कर्मचारी/अधिकारी आश्रित वर्ग
- बीकॉम में चार जुलाई को 170 या अधिक अंक ईडब्ल्यूएस वर्ग, कर्मचारी/अधिकारी आश्रित
- बीएससी जीव विज्ञान में पांच जुलाई को 140 या अधिक अंक ईडब्ल्यूएस वर्ग
- बीएससी गणित में पांच जुलाई को 150 या अधिक अंक ईडब्ल्यूएस वर्ग
- बीएससी गणित में छह जुलाई को 160 या अधिक अंक अनारक्षित, 150 या अधिक अंक ओबीसी, 117 या अधिक अंक एससी वर्ग
कॉलेजों में प्रवेश
जगत तारन डिग्री कॉलेज
- बीकॉम में चार जुलाई को 170 या अधिक अंक सभी श्रेणी एवं सभी छात्राएं एसटी वर्ग और पांच जुलाई को 150 या अधिक अंक सभी श्रेणी एवं सभी छात्राएं एसटी वर्ग का दाखिला होगा। छात्राओं को सुबह नौ से 12 बजे के बीच कॉलेज में रिपोर्ट करनी है।
सीएमपी डिग्री कॉलेज
- बीकॉम में तीन जुलाई को अनारक्षित वर्ग में 172 या अधिक अंक पाने वाले और बीएससी गणित में अनारक्षित श्रेणी में 155 या अधिक अंक पाने वालों का दाखिला होगा। निर्धारित कटऑफ के अनुरूप छात्र-छात्राओं को सुबह नौ से दोपहर 12 बजे के बीच आवश्यक दस्तावेजों के साथ काउंसलिंग के लिए उपस्थित होना है।
एसएस खन्ना गर्ल्स डिग्री कॉलेज
- बीएएलएलबी प्रवेश के लिए छात्राओं की प्रथम प्रवेश मेरिट सूची पांच जुलाई को जारी की जाएगी। सफल छात्राएं सभी जरूरी अभिलेखों के साथ छह जुलाई को प्रवेश समिति के समक्ष सुबह 11 से अपराह्न तीन बजे के बीच उपस्थित हों। काउंसलिंग फॉर्म प्रवेश काउंटर से मिलेंगे।
राजर्षि टंडन गर्ल्स डिग्री कॉलेज
- सत्र 2019-20 में बीए, बीकॉम एवं एमए में प्रवेश के लिए इलाहाबाद विश्वविद्यालय की प्रवेश परीक्षा में शामिल इच्छुक छात्राएं किसी भी कार्य दिवस पर कॉलेज के कार्यालय से सुबह 10 से अपराह्न तीन बजे तक प्रवेश फॉर्म प्राप्त कर सकती हैं।
राज्य विवि में प्रवेश के लिए काउंसलिंग नौ से
प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भइया) राज्य विश्वविद्यालय परिसर में परास्नातक स्तर पर संचालित कक्षाओं और संबद्ध महाविद्यालयों में संचालित व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए काउंसलिंग नौ से 13 जुलाई तक आयोजित की जाएगी। यह निर्णय विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुई प्रवेश समिति की बैठक में लिया गया।
विश्वविद्यालय परिसर में एमएसडब्ल्यू, एमकॉम, एमए, एमए इतिहास, अर्थशास्त्र, हिंदी, राजनीति विज्ञान विषयों मं प्रवेश होगा। शेष विषयों की काउंसलिंग महाविद्यालयों में रिक्त सीटों के सापेक्ष होगी। नौ जुलाई को एमए हिंदी, अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान एवं प्राचीन इतिहास, 10 जुलाई को एमएसडब्ल्यू, एमएड एवं एमए समाजकार्य, 11 जुलाई को बीएससी एग्रीकल्चर, 12 जुलाई को एमकॉम, बीएएलएलबी, बीबीए, बीसीए और 13 जुलाई को बीएससी होम साइंस, बीपीएड, एमपीएड, एलएलबी, एमलिब, बीलिब में प्रवेश के लिए काउंसलिंग होगी।
प्रवेश के लिए आरक्षण नियमानुसार देय होगा। काउंसलिंग के लिए प्रो. जगदीश नारायण, डॉ. एके राय, प्रो. डीपी सिंह, प्रो. जेएन पाल एवं डॉ. आरपी सिंह को नामित किया गया है। यह भी तय हुआ कि विश्वविद्यालय परिसर में संचालित विषयों की तृतीय सेमेस्टर की कक्षाएं पांच जुलाई से प्रारंभ होंगी। बैठक में वित्त अधिकारी धर्मेंद्र त्रिपाठी, परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनीता यादव, उपकुलसचिव दीप्ति मिश्रा उपस्थित रहीं।
मुक्त विवि में एमबीए, एमसीए प्रवेश के लिए आवेदन शुरू
उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय के सत्र 2019-20 के लिए दो वर्षीय एमबीए, एमसीए में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गया है। ऑनलाइ फीस जमा करने की अंतिम तिथि 18 जुलाई निर्धारित की गई है जबकि पूर्ण रूप से भरे हुए आवेदन पत्र विश्वविद्यालयय में 24 जुलाई तक पहुंच जाने चाहिए।
प्रवेश परीक्षा 27 जुलाई को आयोजित की जाएगी। प्रवेश संबंधी सभी जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है। मंगलवार को कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह ने एमबीए, एमसीए प्रवेश परीक्षा की विवरणिका का विमोचन किया। प्रबंधन अध्ययन विद्याशाखा के निदेशक प्रो. ओमजी गुप्ता ने बताया कि प्रवेश परीक्षा का आयोजन प्रयागराज, वाराणसी, लखनऊ, मेरठ, गोरखपुर, बरेली, कानपुर, झांसी, आगरा, अयोध्या, गाजियाबाद आदि शहरों में प्रस्तावित है। विमोचन समारोह में प्रवेश प्रभारी प्रो. आरपीएस यादव, प्रो. ओमजी गुप्ता, प्रो. पीपी दुबे, प्रो. आशुतोष गुप्ता, डॉ. अरुण कुमार गुप्ता आदि मौजूद रहे।