बाहर से आने वाले हर माल वाहक वाहनों की जिले की सीमा पर चेकिंग की जाएगी। इतना ही नहीं ड्राइवर, क्लीनर तथा उसमें बैठे हर व्यक्ति की थर्मल स्कैनिंग भी होगी। बारा चेक पोस्ट तथा वहां बने क्वारंटीन सेंटर के निरीक्षण के दौरान सोमवार को मंडलायुक्त आर रमेश कुमार ने यह आदेश दिया। उन्हाेंने चेक पोस्ट पर रजिस्टर रखने तथा हर आने-जाने वाला का विवरण उसमें दर्ज करने का भी आदेश दिया। ताकि, जरूरत पड़ने पर यहां से गुजरने वालों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। बारा में सात क्वारंटीन सेंटर बने हैं। मंडलायुक्त ने उनका निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश दिए। इससे पहले उन्हाेंने नगर निगम परिसर की सफाई व्यवस्था, आईट्रिपलसी आदि का निरीक्षण किया। उन्होंने हेल्पलाइन नंबर-1920 के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने अफसरों से शहर की सफाई, सैनिटाइजेशन आदि के बारे में भी जानकारी ली। इस दौरान आईजी केपी सिंह, पीडीए के उपाध्यक्ष टीके शिबू, नगर आयुक्त रवि रंजन आदि मौजूद रहे।