ETC work on toll barriers, cash toll collection
टोल बैरियरों पर ईटीसी बेकाम, कैश पथकर वसूली
सर्वर में खराबी से बार-बार बंद हो रहे ईटीसी, कैश लेन से गुजर रहे वाहन
प्रयागराज। फास्टैग डिवाइस सिस्टम लागू होने के बाद जिले के टो बैरियरों पर लगे ईटीसी काम नहीं कर रहे हैं। इससे टोल प्लाजा पर नई पथकर प्रणाली के बावजूद वाहनों को कैश लेन से ले जाया जा रहा है। ईटीसी सेवा बंद होने के दौरान कैश लेन में वाहनों की कतारें लग जा रही हैं। एनएचएआई के अफसरों का कहना है कि इंटरनेट सेवा बाधित होने से ईटीसी सर्वर ठप पड़ जा रहे हैं। ऐसे में इलेक्ट्रानिक टोल कलेक्शन की जगह कैश लेन से वाहनों को ले जाना मजबूरी हो जा रहा है। इस खामी में जल्द ही सुधार किए जाने की उम्मीद भी जताई गई है।
इलेक्ट्रानिक टोल कलेक्शन सेवा लागू होने के 12 दिन बाद ही व्यवस्था बेपटरी होने लगी है। टोल बैरियरों पर खोली गई विंडो पर जहां फास्टैग की हर जगह उपलब्धता न के बराबर है, वहीं अब सर्वर ठप होने से ईटीसी काम ही नहीं कर रहे हैं। ऐसे में दिन भर में कई बार कैश लेन से ही पथकर वसूली की जा रही है। अमरेहा, मुंगारी और हर्रो टोल प्लाजा परर फास्टैग न मिलने से जहां वाहन स्वामियों और चालकों को अब भी वापस होना पड़ रहा है, वहीं इन टोल बैरियरों पर ईटीसी बार-बार बंद हो जा रहा है।
प्रयागराज बाईपास और लालानगर टोल प्लाजा कोखराज, नवाबगंज, सोरांव, सहसो टोल प्लाजा पर भी फास्टैग की कमी के साथ ईटीसी सर्वर बार-बार बंद हो रहे हैं। कहा जा रहा है कि यही हाल रहा तो में नई प्रणाली को पटरी पर लाने में अभी वक्त लग सकता है। एनएचएआई के परियोजना निदेशक एके राय ने टोल बैरियरों पर इंटरनेट सेवा पूरी क्षमता से काम न करने व कई बार बाधित होने की वजह से ऐसी दिक्कत आने की बात कही है। उनका कहना है कि इंटरनेट न चलने से सर्वर बंद हो जा रहे हैं। ऐसे में कुछ स्थानों पर ऐसी नौबत आने पर ही वाहनों को कैश लेन से ले जाना पड़ रहा है। फिर भी फास्टैग वो वाहनों की संख्या 50 फीसदी के पार हो गई है।