महाकुंभ-2025 में अलग-अलग विभागों की ओर से लगाए गए उपकरणों को प्रयागराज सहित अन्य जिलों में वितरित करने की कवायद शुरू कर दी गई है। इसके लिए शासन ने मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में कमेटी बनाई है। जल्द ही कमेटी विभागों से इस बाबत प्रस्ताव मांगेगी। महाकुंभ मेले में बिजली विभाग ने ट्रांसफार्मर, स्टेबलाइजर समेत अनेक आधुनिकतम उपकरण, बिजली पोल, एलईडी लाइटें लगाई थीं।
जल निगम ने 200 से अधिक वाटर एटीएम, नलकूपों से जलापूर्ति के लिए मोटर के साथ स्टेबलाइजर और पाइपलाइन समेत अनेक उपकरण लगाए थे। इसी तरह से स्वास्थ्य, लोक निर्माण, सिंचाई समेत अन्य विभागों की ओर से भी आधुनिकतम उपकरण लगाए गए। महाकुंभ के समापन के बाद यहां इन उपकरणों की उपयोगिता खत्म हो गई है और अब इनका वितरण प्रयागराज सहित अन्य जिलों में किया जाएगा। इसका निर्धारण मंडलायुक्त की अध्यक्षता में बनी कमेटी करेगी।
मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत का कहना है कि विभागवार उपकरणों की कहां-कहां जरूरत है। इस बाबत जल्द ही प्रस्ताव मांगे जाएंगे। इसके अलावा सर्वे भी कराया जाएगा। इसके बाद उपकरणों का वितरण सुनिश्चित किया जाएगा।
महत्वपूर्ण वस्तुएं एवं उपकरण
उपकरण मात्रा
एलईडी लाइटें 67,026
स्टील ट्यूबलर पोल 20,000
एचटी लाइन 173 किमी
दो गुणे 400 केवीए के ट्रांसफार्मर 85
250 केवीए का ट्रांसफार्मर 14
100 केवीए का ट्रांसफार्मर 128
शौचालय 1,50,000
कूड़ा उठाने वाले वाहन 120
बड़े वाहन 40
मोबाइल शौचालय 650
वाटर एटीएम 200