लूट की योजना बना रहे बदमाशों की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर झोंकते हुए भागने की कोशिश की, लेकिन कामयाब नहीं हो सके। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आठ बदमाशों को चोरी की बाइक, पिस्टल व तमंचे के साथ पकड़ लिया। गिरफ्त में आए बदमाशों ने आढ़त व्यापारी के यहां लूटपाट की घटना में शामिल होने की बात भी कबूली है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जेल भेज दिया।
लालगंज कोतवाली पुलिस व स्वॉट टीम क्षेत्र में अपराध नियंत्रण व बदमाशों की धरपकड़ के लिए गश्त पर निकली थी। इस बीच मुखबिर ने सूचना देकर बताया कि कुछ बदमाश कैथौला गांव में शिव मंदिर के समीप किसी लूट की वारदात का अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। जानकारी पर लालगंज पुलिस व स्वॉट टीम ने बदमाशों की घेराबंदी कर ली। पुलिस टीम को देख शिव मंदिर के समीप खड़े बदमाशों ने फरार होने के प्रयास में फायरिंग शुरू कर दी।
बदमाशों ने प्रभारी निरीक्षक रणजीत सिंह भदौरिया, चौकी प्रभारी राजेश शुक्ल व स्वॉट टीम के प्रधान आरक्षी सुरेश सिंह को निशान बनाते कई राउंड फायरिंग की। पुलिस टीम ने अपना बचाव करते बदमाशों को कड़ी मशक्कत के बाद धर दबोचा। तलाशी के दौरान बदमाशों के पास से एक पिस्टल, दो तमंचा व जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की बाइक भी बरामद की है।
पूछताछ के दौरान गिरफ्त में आए आरोपियों की पहचान लालगंज कोतवाली के रामपुर बावली निवासी मूसा खान, बभनपुर के सचिन यादव व सचिन पटेल, अर्जुनपुर के विजय कुमार, कैथौला बरगदहा के राहुल सिंह, प्रयागराज जिले के करछना ककरू निवासी अभिषेक पांडेय, करछना हनुमानपुर के नागेंद्र कुमार द्विवेदी व सुनील विश्वकर्मा के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक दबोच गए बदमाशों ने बीती 30 जून को लालगंज कोतवाली के रानीगंज कैथौला में आढ़त व्यवसायी के यहां लूटपाट की घटना में शामिल होने की बात भी स्वीकार की है। आरोपियों के पास से व्यापारी के यहां से लूट की रकम में से 20 हजार रुपए भी बरामद करने का दावा पुलिस की ओर से किया गया है।
मामले में प्रभारी निरीक्षक रणजीत सिंह भदौरिया की तहरीर पर आठों बदमाशों के खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। कोतवाल ने बताया कि दबोचे गए बदमाश लूट की वारदात को अंजाम देने का प्लान बना रहे थे। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस टीम पर आरोपियों ने फायरिंग की। बदमाश दो माह पहले आढ़त व्यापारी के यहां लूट की वारदात को अंजाम दे चुके हैं। बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया।