दो बदमाश घायल
पुलिस टीम पर हमले का था आरोप, तीन गिरफ्तार
दोनों बदमाशों पर घोषित है 25 हजार का इनाम
एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराए गए घायल
अमर उजाला ब्यूरो
बारा (प्रयागराज)। घूरपुर में पुलिस टीम पर हमला करने वाले तीन आरोपियों के साथ सोमवार को पुलिस की मुठभेड़ हो गई। इसमें दो बदमाश पांव में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने मौके से तीनों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों घायल इलाज के लिए एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराए गए जबकि तीसरे को जेल भेज दिया गया। अस्पताल में पुलिस बल तैनात किया गया है।
कुछ दिन पूर्व इरादतगंज में पुलिस उमेश कोल एवं सुमिरन कोल निवासी कूड़ी की तलाश में दबिश देने गई थी। तभी पुलिस टीम पर हमला बोल दिया गया। इसमें एक दरोगा भी घायल हो गया था। इसके बाद उमेश एवं सुमिरन पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया गया। सोमवार भोर में बारा पुलिस को कुछ बदमाशोें के तेलघना के समीप जंगल में छिपे होने की सूचना मिली। इंस्पेक्टर जेपी शाही की अगुवाई में पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिए घेराबंदी कर दी। चारों ओर से पुलिस से घिर जाने पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में उमेश कोल और सुमिरन के पांव में गोली लग गई। दोनों ही घायल होकर वहीं गिर पड़े जबकि तीसरा बदमाश फतेह बहादुर कोल निवासी बरसवल कौंधियारा वहां से भागने लगा। पुलिस ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। तीनों को थाने लाया गया। तलाशी के दौरान इनके पास से तमंचे, मोबाइल, कारतूस एवं बाइक बरामद हुई। पूछताछ मेें तीनों ने कई वारदातों में शामिल होना कुबूल किया। पुलिस के मुताबिक बीती रात पटेल नगर के पास एक व्यक्ति से मारपीट करके पैसे और बाइक भी इन्हीं बदमाशों ने छीनी थी। पूरे गिरोह का मास्टरमाइंड उमेश एवं सुमिरन था। दरोगा पर भी इन्हीं दोनों ने गोली चलाई थी। यह गिरोह बनाकर आसपास वारदात अंजाम देते थे। कुछ दिन पहले उमेश की पत्नी एवं परिजनों को गिरफ्तार करके जेल भेजा जा चुका है। पुलिस का कहना है पुलिस टीम पर हमला करने वालों में एक अभियुक्त अभी तक फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।