बकाया मानदेय व ईपीएफ का भुगतान न होने से नाराज ग्राम रोजगार सेवकों ने बुधवार को जिले भर में प्रदर्शन किया। साथ ही एक दिनी धरना देते हुए मांगों से संबंधित ज्ञापन एडीओ आईएसबी को सौंपा है।
फूलपुर विकास खंड में ब्लॉक अध्यक्ष नूरूद्दीन हाशमी उर्फ बबलू ने कहा कि सरकार की मंशा मनरेगा एवं उसमें कार्यरत संविदा कर्मियों को लेकर ठीक नहीं है। मजदूरों को समय से मजदूरी नहीं मिल रही। वहीं, रोजगार सेवकों को आठ महीने से मानदेय नहीं दिया गया। मंडल अध्यक्ष विजय चंद्र विश्वकर्मा ने कहा कि मनरेगा के साथ ही शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं में योगदान देने वाले रोजगार सेवकों को आज मानदेय के लिए लड़ना पड़ रहा है।
ग्राम रोजगार सेवक पंचायत मित्र वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले जुटे रोजगार सेवकों ने बीडीओ की अनुपस्थिति में एडीओ को ज्ञापन सौपा। जिला मीडिया प्रभारी हरिओम प्रकाश ने बताया की संगठन के आह्वान पर जनपद के सभी रोजगार सेवक 30 जुलाई को जिला मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन कर जिलाधिकारी को ज्ञापन देंगे। इस मौके पर सुरेश चंद्र, प्रभाकर गौतम, महेश कुमार पटेल, कोमलम कुमार, विमल यादव, रंजीत कुमार, पिंटू मिश्रा, राहुल देव प्रभाकर मौजूद रहे।