प्रयागराज। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में तैनात एक कर्मचारी को सीनियर अफसर से बदसलूकी के आरोप में बुधवार को निलंबित कर दिया गया। आरोप है कि वाणिज्य निरीक्षक ने छुट्टी के लिए आवेदन किया था। आवेदन स्वीकार न होने पर वह आक्रोशित हो गए थे।
मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के वाणिज्य विभाग में तैनात कर्मचारी प्रियरंजन बीते दिनों छुट्टी पर गए थे। उन्होंने अपनी छुट्टी बढ़ाने के लिए आवेदन किया तो वह स्वीकार नहीं किया गया। इसके बाद सोमवार को वह बिना अनुमति के सीनियर डीसीएम फ्रेट अतुल यादव के चैंबर में चले गए।
आरोप है कि कर्मचारी ने सीनियर डीसीएम से बदतमीजी की। बुधवार को प्रियरंजन को निलंबित कर दिया गया है। सीनियर डीसीएम फ्रेट ने बताया कि लगातार गैरहाजिर होने के आरोप में निलंबन की कार्रवाई की गई है। उन्होंने बदसलूकी की बात से इन्कार किया।