Electricity will be cut from Central Sarwar if the bill is outstanding
बिल बकाया हुआ तो सेंट्रल सर्वर से काटी जाएगी बिजली
बकाया जमा करने के साथ 650 रुपये देकर कराना पड़ेगा रीकनेक्शन
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। बिजली बिल हर महीने भरने की आदत डाल लीजिए। बिल ज्यादा बकाया होगा तो बिजली काट दी जाएगी। इसके लिए विद्युत निगम का कोई कर्मचारी आपके घर नहीं जाएगा। सेंट्रल सर्वर से ही बैठे-बैठे बकाएदारों का कनेक्शन काटा जाएगा। यह व्यवस्था जल्दी ही शुरू होने वाली है। विद्युत निगम के अधिकारियों ने सेंट्रल सर्वर स्थापित करने के लिए प्रबंध निदेशक को प्रस्ताव भेजा है। अनुमति मिलने के बाद यह व्यवस्था शुरू की जाएगी।
अभी बकाए पर विद्युत निगम के अधिकारी घर-घर पहुंचकर कनेक्शन काट रहे हैं और बकाया जमा होने के बाद जोड़ रहे हैं। लेकिन नई व्यवस्था में ऐसा नहीं होगा। दुबारा घर की बिजली तभी जलेगी जब रीकनेक्शन होगा। रीकनेक्शन के लिए भी 650 रुपये जमा करने होंगे।
विद्युत निगम के एक्सईएन सीएम सिंघल बताते हैं कि जिला मुख्यालय पर सेंट्रल सर्वर स्थापित करने के लिए एमडी को प्रस्ताव भेजा गया है। एमडी की स्वीकृति मिलने के बाद आगे की कार्रवाई होगी। यह व्यवस्था उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद शुरू होगी। विद्युत निगम के अफसर बताते हैं कि नए स्मार्ट मीटर में जीपीएस लगाने के साथ कई तरह के ऐसे फीचर्स मौजूद हैं, जो विद्युत निगम का काम आसान कर देंगे। स्मार्ट मीटर में छेड़छाड़ होने पर एक कोड जनरेट होगा, जो सेंट्रल सर्वर के माध्यम से विद्युत अधिकारियों के पास चला जाएगा। जिले में अभी 60 हजार उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लग गए हैं। अभी दो लाख से अधिक उपभोक्ताओं के मीटर बदले जाने हैं। मुख्य अभियंता ओपी यादव कहते हैं कि स्मार्ट मीटर लगाने का काम चल रहा है। पचास फीसदी उपभोक्ताओं के यहां मीटर लगने के बाद इसे शुरू किया जाएगा।