शहर में तेज बारिश से शुक्रवार को एक बार फिर बिजली आपूर्ति बेपटरी हो गई। म्योहाॅल, पानी टंकी समेत अन्य पावर हाउस में ट्रांसफाॅर्मर और फीडर तक पानी पहुंचने के कारण विद्युत विभाग को आपूर्ति बंद करनी पड़ी। वहीं, कई जगहों पर पेड़ गिरने से सिविल लाइंस, नवाब युसुफ रोड, सर्कुलर रोड, अशोक नगर, म्योराबाद समेत शहर के दर्जनों मोहल्ले में बिजली आपूर्ति घंटों बाधित रही।
नेवादा में सुबह 10 बजे से दिनभर में कई बार ट्रिपिंग की गई। वहीं गोबर गली के पास नीम का पेड़ गिरने से आपूर्ति बाधित हुई। करेली के गड्ढा कॉलोनी में बाढ़ के चलते पहले से ही बिजली बंद थी, जबकि शुक्रवार को ट्रिपिंग से कई मोहल्लों में बिजली बार-बार जाती रही। सिविल लाइंस, नवाब यूसुफ रोड और राजापुर के प्रिया गार्डन इलाके में पानी घुसने से ट्रांसफाॅर्मर बंद करने पड़े। इसके अलावा मीरापुर के हर्षवर्धन नगर में तड़के पांच बजे एक फेस की बिजली बंद हो गई। मरम्मत करने में बिजलीकर्मियों को कई घंटे लग गए। करीब 11:30 बजे बिजली आपूर्ति बहाल हुई। सिविल लाइंस में एक पेड़ की डाली गिरने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। सैनिक कॉलोनी में इंसुलेटर खराब होने से कई घंटे तक बिजली बाधित रही।
बिजली घर में पानी भरने से कर्मी भी परेशान
चौक के मोहम्मद अली पार्क फीडर में पानी घुसने से दो ट्रांसफाॅर्मर बंद कर दिए गए, जिससे चौक क्षेत्र में बिजली गुल हो गई। म्योहॉल डिवीजन और बिजली घर में भी पानी भरने से कर्मचारी परेशान रहे। लोकल फॉल्ट से भी कई इलाकों में लोगों को अतिरिक्त दिक्कतें झेलनी पड़ीं। शाम को सुभाष चौराहे पर बिजली के खंभे पर शार्ट सर्किट होने से आग लग गई। गनीमत रही कि जल्द ही काबू पा लिया गया। मम्फोर्डगंज में पानी भरने से फीडर बंद करना पड़ा। न्यू म्योहॉल डिवीजन के आसपास के इलाकों में भी बिजली सप्लाई रोकनी पड़ी।