प्रयागराज। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय के विभिन्न छात्रावासों के बकाया बिजली बिल का भुगतान करने को लेकर नोटिस जारी किया है।
इविवि के छात्रावासों पर 3,35,79,293 करोड़ रुपये का बिजली का बिल बकाया है। जिन छात्रावासों का बिजली का बिल बकाया है उनमें डायमंड जुबली छात्रावास, सर एएन झा छात्रावास, सर सुंदरलाल छात्रावास, सर जीएन झा छात्रावास और पीसीबी छात्रावास शामिल हैं।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय की ओर से अब तक सिर्फ 33,89,500 रुपये का बिल ही जमा किया गया है जबकि तीन करोड़ 35 लाख से अधिक की रकम अभी बकाया है।
उपखंड अधिकारी टैगोर टाउन की ओर से जारी नोटिस में इविवि को चेतावनी दी गई है कि बिल का भुगतान एक सप्ताह में कर दिया जाए नहीं तो राजस्व अधिकारी के जरिये विश्वविद्यालय का खाता सीज करवा दिया जाएगा।