बिजली विभाग के पेंशनरों को ट्रेजरी से पेंशन का भुगतान किए के आदेश को जल्द ही अमली जामा पहना दिया जाएगा। बिजली विभाग और ट्रेजरी ने इस पर काम शुरू कर दिया है। विभाग ने सभी पेंशनरों की सूची जारी कर दी है। वहीं, ट्रेजरी ने भी पेंशनरों का वैरिफिकेशन शुरू कर दिया है ताकि सभी औपचारिकताएं पूरी कर जल्द ही भुगतान शुरू किया जा सके। हालांकि बिजली विभाग में ही कुछ लोग इस व्यवस्था का विरोध कर रहे हैं और इसी वजह से जॉर्जटाउन स्थित कार्यालय में नोटिस बोर्ड पर चस्पा पेंशनरों की सूची को कुछ लोगों ने फाड़ दिया।
ट्रेजरी स्तर से पेंशन का भुगतान शुरू होने पर काफी सुधार होने की गुंजाइश है। बिजली विभाग के कुछ पेंशनरों ने बताया कि पेंशन संबंधी किसी समस्या के निराकरण लिए विभाग के अपने ही लोग उनसे वसूली करते हैं और बार-बार दौड़ाते हैं। ट्रेजरी से सभी राजकीय पेंशनरों को पेंशन का भुगतान किया जाता है। पेंशनरों की समस्या के निराकरण के लिए मंडल स्तर विशेष अदालत का आयोजन किया जाता है। साथ ही डीए की गणना हो या कोई एरियर का भुगतान हो, यह काम ट्रेजरी स्तर पर खुद हो जाता है जबकि विभागीय स्तर एरियर आदि लेने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ती है।
नई व्यवस्था से इलाहाबाद में बिजली विभाग ढाई हजार पेंशनरों को राहत मिलेगी। उधर, बिजली विभाग के जॉर्जटाउन स्थित कार्यालय में पेंशनरों की सूची जारी कर दी गई है और उनके नाम के साथ एसपीएस कोड एवं अन्य जरूरी सूचनाएं भी अंकित की गई हैं। इन्हीं सूचनाओं के आधार पर ट्रेजरी में पेंशनरों का वैरिफिकेशन किया जा रहा है। मुख्य कोषाधिकारी अवनीश चंद्र द्विवेदी ने बताया कि वैरिफिकेशन के बाद ट्रेजरी से पेंशन का भुगतान शुरू कर दिया जाएगा।