प्रतापगढ़ के लालगंज इलाके के तिलौरी गांव में दरवाजे पर मुर्गी चले जाने से गुस्साए पड़ोसियों ने वृद्ध की लाठी-डंडे और बंदूक की बट से पीटकर हत्या कर दी। ससुर को बचाने पहुंची बहू को भी आरोपियों ने पीटा, जिससे वह घायल हो गई। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
लालगंज कोतवाली के तिलौरी निवासी मुस्तकीम अहमद व अब्दुल कयूम के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। मंगलवार को सुबह आठ बजे मुस्तकीम की मुर्गी कयूम के दरवाजे पर चली गई। इसे लेकर कयूम पक्ष के लोग गालीगलौज करते हुए मुस्तकीम के घर के सामने बांस व तार लगाकर बैरिकेडिंग करने लगे।
मुस्तकीम (73) ने जब इसका विरोध किया तो अब्दुल हसीब, अब्दुल अहद, कयूम, अल्ताफ आदि लाइसेंसी बंदूक, असलहा व लाठी-डंडे लेकर उन पर टूट पड़े। आरोपियों ने बंदूक की बट व लाठी-डंडे से पीट-पीटकर मुस्तकीम की हत्या कर दी।
बीचबचाव करने पहुंची बहू सैफुन निशा को भी पीटकर लहूलुहान कर दिया। बवाल के दौरान कई राउंड फायरिंग से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। घटना की सूचना पर सीओ रमेशचंद्र समेत कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हत्यारोपी घर छोड़कर भाग निकले थे।