मीरगंज। नथपुरा निवासी रामसरन और सुरेंद्र के चंदन खेड़ा गांव स्थित गेहूं के खेत में शुक्रवार को करीब 11 बजे अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। करीब आठ बीघा गेहूं की तैयार फसल जलकर राख हो गई।
ग्रामीणों ने पानी, मिट्टी और हरे पेड़ों की डालियों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन तेज लपटों के कारण सफलता नहीं मिल सकी। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड इंचार्ज मुकेश पाल के नेतृत्व में कांस्टेबल राजेंद्र सिंह, राजकुमार, विपिन और संजीव ने ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
किसानों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।उपजिलाधिकारी मीरगंज आलोक कुमार ने बताया कि हल्का लेखपाल को मौके पर भेजकर नुकसान का आकलन कराया गया है। रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजकर मुआवजा दिलाया जाएगा।
सिलिंडर फटने से मकान में लगी आग, घरेलू सामान जलकर राख
फोटो :
बहेड़ी। तहसील के गांव भौना में बृहस्पतिवार को खाना बनाते समय अचानक गैस सिलिंडर फटने से एक घर में भीषण आग लग गई। तेज धमाके के साथ उठीं आग की लपटों ने देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम तथा ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
गांव भौना निवासी अशरफ ने बताया कि खाना बनाते समय अचानक से सिलिंडर फट गया और आग भड़क उठी। आग इतनी तेज थी कि घर में रखा सारा घरेलू सामान जलकर राख हो गया।
सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा और फायर ब्रिगेड प्रभारी योगेश कुमार गांव पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। संवाद
-
जलाल नगर में गेहूं की ढाई बीघा फसल जलकर राख
बिशारतगंज। जलाल नगर गांव में गहाई के लिए एकत्र की गई गेहूं की फसल के ढेर में आग लगने से एक किसान की ढाई बीघा फसल जलकर राख हो गई। पीड़ित यामीन खां ने बताया कि उनका ढाई बीघा खेत निसोई गांव के रकबे में रेलवे लाइन के किनारे है। उन्होंने गहाई के लिए बृहस्पतिवार दोपहर फसल एकत्र कर ढेर लगा दिया था। दोपहर में वह खाना खाने घर आ गए। दोपहर करीब दो बजे करीब उनका लड़का खेत पर पहुंचा तो देखा कि ढेर से आग की लपटें उठ रही हैं। यामीन खां ने आरोप लगाया कि पड़ोसी किसान ने कंबाइन से गेहूं कटवाने के बाद उसके अवशेष में आग लगाई थी। इसी से उठी चिंगारी उनके खेत तक पहुंच गई। यामीन खां ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, बृहस्पतिवार अपराह्न गांव रूटिया व भिंडौरा के जंगल में अचानक आग लगने से 50 बीघा से अधिक गेहूं फसल की पराली जल गई। किसानों की सूचना पर पहुंची फायर बिग्रेड ने थाना पुलिस के साथ मिलकर करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। संवाद