Effort to burn a woman alive, including a baby girl
दुधमुंही बच्ची समेत महिला को जिंदा जलाने का प्रयास
प्रयागराज। धूमनगंज के झलवा में रिंकी भारतीया व उसकी एक साल की बेटी को जिंदा जलाने का प्रयास किया गया। भोर में जब दोनों सो रहे थे तो झोपड़ी में आग लगा दी गई। किसी तरह बेटी समेत झोपड़ी से निकलकर उसने दोनों की जान बचाई। मामले में पुलिस ने चार लोगों पर नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।
रिंकी धूमनगंज के झलवा स्थित दादनपुर गांव की रहने वाली है। उसका पति बिल्ला मजदूरी करता जो इन दिनों जेल में है। रिंकी ने बताया कि ससुरालवालों से विवाद के बाद वह करीब एक महीने से ग्राम समाज की जमीन पर झोपड़ी बनाकर अपनी एक साल की बेटी संध्या को साथ लेकर रह रही हूं। आरोप है कि उसे पिछले कुछ दिनों से लगातार कुछ लोग झोपड़ी हटाने के लिए धमका रहे थे। उनका कहना था कि जमीन आबादी की न होकर उनकी है। रिंकी ने बताया कि रोज की तरह ही मंगलवार रात भी वह अपनी बच्ची को साथ लेकर सो रही थी।
भोर में तीन बजे के करीब उसकी झोपड़ी में आग लगा दी गई। नींद ख्ुालने पर उसने झोपड़ी को आग से घिरा देखा तो उसके होश उड़ गए। किसी तरह बेटी व खुद को झोपड़ी से निकालकर उसने दोनेां की जान बचाई। सुबह सूचना पर पुलिस पहुंची तो पूछताछ में रिंकी ने आरोप लगाया कि उसे शक है कि घटना गांव के ही राहुल, राजेश व गुड्डू पासी ने घटना को अंजाम दिया। तीनों पहले उसे धमकी दे चुके हैं और तब उनके साथ अफजल भी था। धूमनगंज पुलिस का कहना है कि चारों आरोपियों पर नामजद रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।
जमीन पर अवैध कब्जे की है साजिश
प्रयागराज। स्थानीय लोगों का कहना है कि ददनपुर गांव में स्थित आबादी की जमीन पर कुछ दबंग व प्रभावशाली लोग अवैध कब्जा करना चाहते हैं। इसी के तहत वहां रह रही रिंकी को भी जबरन हटाने का प्रयास किया जा रहा है। दो दिन पहले इस मामले की शिकायत एसडीएम से की गई थी। इसके बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई। जिससे अनहोनी का खतरा बना हुआ है।