छूटे पसीने, कई सवालों का नहीं दे पाया जवाब
मनी लांड्रिंग केस में ईडी की पूछताछ के दौरान विधायक अब्बास अंसारी के पसीने छूट गए। ईडी अफसरों के कई सवालों का वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। उससे उसके नाम पर दर्ज संपत्तियों के बारे में पूछताछ की गई। साथ ही उन संपत्तियों को बनाने में लगी आय के स्रोत के बारे में भी जानकारी मांगी गई। सूत्रों का कहना है कि कई सवालों पर वह चुप हो गया। सूत्रों का कहना है कि ईडी को पहले ही उसके खिलाफ कुछ सबूत मिले थे। यही वजह थी कि उसे दोबारा पूछताछ के लिए बुलाया गया। जांच में संतोषजनक जवाब न मिलने पर ही उसे हिरासत में लिया गया।
मोबाइल भी जब्त किया
सूत्रों का कहना है कि पूछताछ के दौरान ही ईडी ने अब्बास का मोबाइल भी जब्त कर लिया। दोपहर में अब्बास जब ईडी के सवालों का जवाब देने पहुंचा तो उसने अपना मोबाइल गाड़ी में ही छोड़ दिया था। आठ घंटे की पूछताछ के बाद रात 10 बजे के करीब ईडी की टीम ने उसका मोबाइल भी जब्त कर लिया। अब्बास के साथ आए उसके सहायकों से मोबाइल मंगवाने के बाद ईडी ने इसे कब्जे में ले लिया। फिलहाल इस बाबत देर रात तक ईडी की ओर से कोई बयान नहीं जारी किया गया।
ड्राइवर से भी पूछताछ
ईडी ने अब्बास के साथ ही उसके ड्राइवर रवि कुमार शर्मा निवासी करंडा, गाजीपुर से भी पूछताछ की। उसे रात करीब 10 बजे दफ्तर के भीतर बुलाया गया। लेकिन भीतर बैठे अब्बास से उसका सामना नहीं कराया गया। उसे एक अलग चैंबर में बैठाकर पूछताछ की गई। इस दौरान उससे उसका आईडी प्रूफ भी लिया गया। यही नहीं उसके दस्तखत भी लिए गए।
पिछले महीने जारी किया था लुकआउट नोटिस
मुख्तार पर दर्ज मनी लांड्रिंग मामले की जांच में जुटी ईडी ने पिछले महीने ही अब्बास के देश से बाहर जाने पर रोक लगा दी थी। इसके तहत उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया था। इससे पहले उसकी मां अफ्शा अंसारी के खिलाफ भी लुकआउट नोटिस जारी हुआ था।
भाइयों व अन्य रिश्तेदारों से हो चुकी है पूछताछ
मुख्तार पर पिछले साल जुलाई में मनी लांड्रिंग का केस दर्ज किया गया था। इसके लिए उसके खिलाफ लखनऊ व मऊ में दर्ज मुकदमों को आधार बनाया गया था। इस मामले में बेटों के अलावा उसके भाई सांसद अफजाल अंसारी व सिगबतउल्लाह अंसारी को भी बुलाकर घंटों पूछताछ की जा चुकी है।