प्रयागराज। इविंग क्रिश्चियन कॉलेज (ईसीसी) में तनाव का माहौल बढ़ता जा रहा है। कॉलेज परिसर में क्रमिक अनशन पर बैठे छात्रों ने शनिवार को बुद्धि शुद्धि यज्ञ किया तो कॉलेज के प्राचार्य ने ए. मोजेज ने अनशन करने वालों को बाहरी बताते हुए उनपर अराजकता फैलाने का आरोप लगाया और परिसर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस से गुहार लगाई।
क्रमिक अनशन पर बैठे छात्र मांग कर रहे हैं कि कम से कम दो विषयों में इंप्रूवमेंट परीक्षा कराई जाए। छात्रों का कहना है कि इस बार काफी अधिक संख्या में छात्रों को फेल कर दिया गया है, इसलिए वह यह मांग कर रहे हैं। वहीं, प्राचार्य ने स्पष्ट कर दिया है कि यह मांग पूरी नहीं की जा सकती है, क्योंकि न तो इस तरह की व्यवस्था कभी इलाहाबाद विश्वविद्यालय में रही और न ही कॉलेज में रही। हालांकि छात्र अड़े हुए हैं कि जब तक मांग पूरी नहीं होती, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
प्राचार्य का कहना है कि अनशन करने वाले कॉलेज के छात्र नहीं है। ये बाहरी हैं और परिसर में अराजकता फैला रहे हैं। इससे कक्षाएं लगातार बाधित हो रही हैं। वहीं, कॉलेज के शिक्षकों ने भी छात्रों के इस आंदोलन की निंदा की है। प्राचार्य का कहना है कि छात्र उनके कार्यालय के दरवाजे पर बैठकर नारेबाजी करते हैं और कार्य को बाधित कर रहे हैं। ऐसे में महाविद्यालय कोचलाना मुश्किल हो गया है। कॉलेज प्रशासन की ओर से इस बारे में मुट्ठीगंज थाने को भी सूचना दी गई है।
प्राचार्य का कहना है कि थाने की पुलिस कार्रवाई नहीं करती है तो वह एफआईआर दर्ज कराएंगे। साथ ही डीएम और एसएसपी से मिलकर उनसे मामले में हस्तक्षेप करने का अनुरोध करेंगे। उधर, बुद्धि शुद्धि यज्ञ में शामिल छात्र नेता नितीश गुप्ता, रजनीश पांडेय, अनूप तिवारी, सुजीत तिवारी, शेखर तिवारी, शुभम पाल, कार्तिक दुबे, देवेश द्विवेदी, आकाश सेन का कहना है कि वह लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन कर रहे हैं। कॉलेज प्रशासन नहीं चाहता कि छात्र आंदोलन करें, इसलिए उन पर मनगढ़ंत आरोप लगाए जा रहे हैं।