प्रयागराज। इविंग क्रिश्चियन कॉलेज में बीवोक प्रवेश रोक दिया गया है। बीवोक कोर्स की मान्यता संबंधी प्रस्ताव को यूजीसी से अनुमति न मिलने के कारण कॉलेज प्रशासन को यह निर्णय लेना पड़ा। हालांकि इससे छात्र-छात्राएं और अभिभावक परेशान हैं। विभिन्न मांगों को लेकर कॉलेज में क्रमिक अनशन कर रहे छात्रों ने शुक्रवार को इस मुद्दे पर कॉलेज परिसर में प्रदर्शन और हंगामा भी किया।
ईसीसी में वर्ष 2016 से बीवोक का कोर्स चल रहा है। इस बार भी कॉलेज प्रशासन ने बीवोक में प्रवेश के लिए परीक्षा कराई और रिजल्ट भी जारी कर दिया। एक नियमित अंतराल के बाद पाठ्यक्रम की मान्यता एवं इसके संचालन के लिए कॉलेज प्रशासन को यूजीसी ने अनुमति लेनी होती है। इसके लिए कॉलेज प्रशासन ने यूजीसी को प्रस्ताव भेजा है लेकिन अब तक अनुमति नहीं मिली। ऐसे में प्रवेश प्रक्रिया रोक दी गई। कॉलेज प्रशासन तैयारी कर रहा है कि अगर यूजीसी से अनुमति नहीं मिलती है तो प्रवेश नहीं लिए जाएंगे और छात्र-छात्राओं से लिया गया परीक्षा शुल्क वापस कर दिया जाएगा। इस मुद्दे पर छात्रों ने कॉलेज परिसर में प्रदर्शन भी किया। इनमें छात्र नेता नितीश गुप्ता, रजनीश पांडेय, अनूप तिवारी, देवेश द्विवेदी, आकाश सेन, दिव्यंकर तिवारी, हिमांशु राय, सुधांशु शेखर आदि शामिल रहे।
अतिथि प्रवक्ता भर्ती के लिए इंटरव्यू सात को
प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) के मध्यकालीन एवं आधुनिक इतिहास विभाग में अतिथि प्रवक्ता भर्ती के लिए इंटरव्यू पांच अगस्त को आयोजित किया जाएगा। इंटरव्यू इविवि के गेस्ट हाउस में होगा। इसके लिए 48 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए गए हैं। साक्षात्कार के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि पर सुबह 9.30 बजे रिपोर्ट करने को कहा गया है।