16 दिन बाद मंगलवार को फिर से धरती हिली तो पुलिस की धड़कनें भी बढ़ गईं। चंद मिनट के अंतराल पर भूकंप के दो झटके लगने के बाद एसएसपी वीपी श्रीवास्तव ने पूरे शहर में पुलिस को दौड़ा दिया। सारे मॉल, मेगा मार्ट और सिनेमा हॉल को तुरंत खाली करवा दिया गया। लोग पिक्चर बीच में छोड़कर भागे। देखते ही देखते भीड़ भरे मॉल खाली हो गए। फिर से भूकंप की आशंका को देखते हुए फायर ब्रिगेड और पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
जैसे ही भूकंप का पहला झटका आया, एसएसपी की आवाज वायरलेस पर गूंजने लगी। उन्होंने पूरे जिले की फोर्स को भीड़भाड़ वाले इलाकों में पहुंचने का निर्देश दिया। कहा कि मॉल, मेगामार्ट और सिनेमा हॉल को तुरंत खाली करवाया जाए। जिस वक्त पहला झटका आया, पीवीआर में शो चल रहा था। दहशत में लोग खुद ही सिनेमा बीच में छोड़कर बाहर की ओर दौड़े। पुलिस को मॉल खाली करवाने में कोई दिक्कत नहीं आई। पुलिस के पहुंचने तक अधिकांश लोग बाहर ही खडे़ थे। मॉल की दुकानों को भी बंद कर दिया गया था।
लोग बाहर भीड़ लगाए हुए थे। लोगों की हिम्मत दोबारा मॉल में जाने की नहीं हुई। एक घंटे बाद फिल्म के शो दोबारा शुरू तो हो गए लेकिन सीटें आधे से ज्यादा खाली रहीं। सिनेमा हॉल की भी यही स्थिति रही। अधिकांश सिनेमा हॉल में पहला शो शुरू होने ही वाला था कि धरती हिल गई। लोग भाग के बाहर आ गए। भूकंप के चक्कर में सिनेमा हॉल में शो एक से दो घंटे की देरी से शुरू हुआ। कुछ सिनेमा हॉल में तो पहला शो निरस्त कर दिया गया।