लोक निर्माण विभाग में अवर अभियंता से लेकर मुख्य अभियंता के अधिकारी अपनी आय का ब्यौरा देने में आनाकानी कर रहे हैं। प्रमुख अभियंता ने इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए मुख्य अभियंता से रिपोर्ट तलब की है। उल्लेखनीय है कि इलाहाबाद में पीडब्ल्यूडी के मुख्य अभियंता कार्यालय के अलावा अधीक्षण अभियंता व दर्जन भर अधिशासी अभियंताओं के कार्यालय हैं। इन कार्यालयों में अधिशासी, सहायक व अवर अभियंता समेत दो सौ से अधिक अभियंताओं की तैनाती की गई है।
प्रावधानों के तहत इन अभियंताओं को अपने विभाग को आय का ब्यौरा देना होता है। जिसमें पैतृक संपत्ति के अलावा नौकरी के दौरान बनाई गई संपत्तियों का भी ब्यौरा शामिल है, लेकिन इन विभागीय अभियंताओं द्वारा विभाग को आय से जुड़ी कोई जानकारी आला विभागीय अधिकारियों को नहीं दी जा रही है। जिस पर प्रमुख अभियंता ने कड़ी नाराजगी जताई है। प्रमुख अभियंता से मुख्य अभियंताओं को पत्र लिखकर रिपोर्ट भी मांगी है। मुख्य अभियंता ने भी सभी अधीक्षण व अधिशासी अभियंताओं को पत्र लिखकर निर्देशित किया कि वे अधीनस्थ अभियंताओं से आय का ब्यौरा लेकर रिपोर्ट भेजें ताकि इसे प्रमुख अभियंता को भेजा जा सके।