औद्योगिक क्षेत्र थाना के डेज मेडिकल चौराहे के पास रविवार देर शाम पत्नी से विवाद के बाद एक अधेड़ ने खुद पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली। गंभीर हालत में परिजन उसे इलाज के लिए एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया, जहां सोमवार की सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नैनी कोतवाली देवरख गांव निवासी रविशंकर यादव उर्फ सुग्गा ई रिक्शा चलाकर जीवन यापन करता था। गांव में उसकी कुछ जमीन थी। उसने दो बिस्वा अपने पट्टीदारों को बेच दी थी। आरोप है कि बाद में पट्टीदारों ने उसकी एक बिस्वा जमीन हड़प ली थी। इसी कारण उसका लंबे समय से पट्टीदारों से विवाद चला आ रहा है। उधर उसकी गीता भी रविशंकर से नाखुश होकर कुछ समय पहले डेज मेडिकल के पास कमरा किराये पर लेकर अलग रहने लगी थी। वह इस बात से नाराज थी कि रविशंकर ने बिना उससे पूछे जमीन बेच दी।
रविवार को रविशंकर कहीं से नशा करके पत्नी गीता के पास पहुंचा। वहां दोनों में फिर झगड़ा हो गया। इसी के बाद उसने खुद पर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा ली। जब वह बुरी तरह से जलने लगा तो वह बाहर भागा। आसपास के लोगों ने किसी तरह प्रयास कर आग बुझाया और उसे एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां सोमवार भोर में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और छानबीन की। थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र अनुपम शर्मा ने बताया कि पत्नी से विवाद के बाद रविशंकर ने आत्महत्या की है। पूछताछ के दौरान पत्नी ने बताया कि देर शाम दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद ही उसने यह आत्मघाती कदम उठाया है। इस घटना को लेकर एक चर्चा और है कि कुछ दिन पहले एक व्यक्ति ने रविशंकर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। जिसके बाद से वह परेशान था। संवाद