दस दिन तक प्रभावी पछुआ विक्षोभ के कारण रविवार रात करीब नौ बजे 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आई धूल भरी आंधी परेशानी का कारण बनी। तुरंत बाद बिजली गुल हो गई। हर तरफ अंधेरा छा गया। टीन, टप्पर, होर्डिंग्स-बैनर आदि उड़ गए। सड़कों पर यातायात ठहर गया। शाम से ही छाए बादल कहीं-कहीं तेज तो कहीं बौछार कर निगल गए। गरज चमक के बीच मौसम की इस उठापटक लोगों को गर्मी से राहत दिलाई। रात में तेज ठंडी हवाएं चलने से मौसम सुहाना बना रहा। मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार दोपहर बाद तेज आंधी और बारिश के आसार हैं।
आंधी, बदरी फिर बारिश से 42 डिग्री के पार जा चुका तापमान 35-36 डिग्री तक गिरा। शनिवार से अधिकतम तापमान 40 डिग्री के करीब अटका है, तेज तपिश में पारे का अटकना आंधी-बारिश के आसार को बढ़ता रहा। इसके बावजूद हर दिन धूप तीखी होती रही। बीते पांच दिन से सूरज तेवर दिखा रहा है। रविवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री के करीब अटका रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। तापमान और नमी का स्तर असंतुलित होने का असर रहा कि रात में धूल भरी आंधी और गरज चमक संग कहीं तेज तो कहीं धीमी बौछारें पड़ीं। तराई इलाकों में ओले पड़ने की भी खबर है। इससे पहले शाम से ही भटक कर आए बादल छाए रहे और तेज हवाएं चलती रहीं। आंधी से कहीं बिजली के तार टूटे तो कहीं पेड़ की डालियां गिरीं। कई स्थानों पर लगाए जा रहे बिजली के खंभे टेढ़े हो गए। घर से बाहर निकले लोग सुरक्षित स्थान तलाशते रहे। वाहन चालक डिपर जलाकर सड़क के किनारे खड़े रहे। शहर में तो गनीमत रही, नैनी, झूंसी और फाफामऊ समेत खुले और ग्रामीण क्षेत्रों में आंधी ने परेशान किया।
मौसम विज्ञानी प्रोफेसर एचएन मिश्रा के मुताबिक पहाड़ों की बर्फबारी और स्थानीय कारण प्रभावी होने से तेज सूखी गर्मी के साथ पछुआ हवाओं का जोर आंधी-बारिश का कारण बना है। हवाओं के रुख में बदलाव से सोमवार को भी धूल भरी आंधी और गरज चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इसके बावजूद अब आने वाले दिनों में सूरज दहकेगा, धूप चमड़ी को जलाने वाली होगी। परिस्थितियां ऐसी बन रही हैं, जिससे लू चलने की पूरी संभावनाएं हैं।
कुछ दिनों से तापमान का बढ़ना जारी है। अधिकतम तापमान बढ़ने की गति धीमी रही लेकिन धूप तेज रही। न्यूनतम तापमान में उछाल मौसम बदलने का कारण बना। आंकड़ों के मुताबिक बुधवार को अधिकतम तापमान 39.7 बृहस्पतिवार को 40.5 और शुक्र वार को 41.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। शनिवार को अधिकतम तापमान 39.6 तो रविवार को पारा 39.9 डिग्री रिकार्ड किया गया। इन दिनों न्यूनतम तापमान 25 से 26 डिग्री के बीच स्थिर रहा जो रविवार को इस मौसम में सबसे अधिक 28.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। नमी का स्तर भी असंतुलित रहा लेकिन उसका अधिकतम स्तर 50 के आसपास बना रहा।