due to wrong weighting people did the hangama
- फोटो : NAWABGANJ
अफसरों के दावों के विपरीत राशन वितरण में कोटेदारों की मनमानी जारी है। कई जगहों पर यूनिट के हिसाब से पूरा राशन न दिए जाने तथा घटतौली की शिकायतें हैं। इससे नाराज लोगों ने हंगामा किया। कौड़िहार के मंसूराबाद में तो पुलिस बुलानी पड़ी।
केंद्र सरकार की योजना के तहत अंत्योदय तथा पात्र गृहस्थी कार्ड धारकों को प्रति यूनिट पांच किग्रा मुफ्त चावल का वितरण बुधवार को शुरू हुआ। इसमें कोटेदारों की मनमानी को लेकर कई कंट्रोल पर शिकायतें हैं। रसूलाबाद की मुन्नी देवी, अनामिका ने चार यूनिट पर 15 किग्रा चावल दिए जाने की शिकायत की। कौड़िहार के मंसूराबाद गांव के ज्यादातर लोगों की यह शिकायत है। लोगों ने राशन वितरण का बहिष्कार करने की भी चेतावनी दी। गांव के इंद्र नारायण का कहना है कि उन्हें 10 किग्रा अनाज दिया गया लेकिन घर आकर तौलने पर नौ किग्रा ही निकला। नीतू, धर्मराज, शांति देवी आदि की भी यही शिकायत रही। उन लोगाें ने विरोध भी जताया। हंगामा बढ़ने पर खाद्य आपूर्ति विभाग के निरीक्षक पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने उन्हें लिखित शिकायत सौंपी और कार्रवाई की मांग की। एसडीएम अनलि चतुर्वेदी का कहना है कि बड़ा गांव है। ई पॉश मशीन काम न करने तथा अन्य शिकायतें थीं। जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।