सीज फायर होने के बावजूद सीमा पर तनाव कम न होने की वजह से जम्मू कश्मीर एवं पंजाब के कुछ जिलों में शनिवार की शाम एक बार फिर से ब्लैक आउट हो गया। इस वजह से तमाम ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रोकते हुए चलाया गया। ऐसे में प्रयागराज से जम्मू एवं अमृतसर की ओर से आने वाली ट्रेनें रविवार को विलंब से पहुंच सकती है।
श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा जाने वाली जम्मू मेल शुक्रवार को प्रयागराज के सूबेदारगंज से समय से रवाना हुई, लेकिन पंजाब एवं जम्मू में ब्लैक डाउन की वजह से यह ट्रेन शनिवार की सुबह श्रीमाता वैष्णदेवी कटड़ा स्टेशन पांच घंटे की देरी से पहुंची। इस ट्रेन से सफर कर रहे सोहबतियाबाग के मनीष ने बताया कि सीमा पर बढ़े तनाव की वजह से पहले वह अपना रिजर्वेशन निरस्त करवाना चाह रहे थे, फिर माता के जयकारे लगाते हुए वह ट्रेन में सवार हो गए। कहा कि हरियाणा के तमाम स्टेशनों पर ट्रेनों को काफी देर तक रोके रखा गया।
इसी तरह कटड़ा स्टेशन से सूबेदारगंज के लिए जम्मू मेल 1.10 घंटे की देरी से रवाना हुई। रात नौ बजे तक ट्रेन पठानकोट स्टेशन से निकल चुकी थी। बताया जा रहा है कि ब्लैक आउट की वजह से मुरी एक्सप्रेस भी रविवार को विलंब से प्रयागराज पहुंच सकती है। वहीं दूसरी ओर जम्मू रूट की ट्रेनों में जहां तीन दिन पहले तक लंबी प्रतीक्षा सूची थी उसमें अब काफी संख्या में बर्थ खाली है। शनिवार को भी जब यह ट्रेन सूबेदारगंज से रवाना हुई तो उसमें अधिकांश यात्री कानपुर, अलीगढ़, दिल्ली तक केे ही रहे।