रेलवे में ग्रेड-पे 1800 रुपये की नौकरी के लिए डीएसए ग्राउंड में 906 युवकों ने दौड़ लगाई। इसमें 767 अभ्यर्थियों को अगले दौर के लिए उर्त्तीण घोषित कर दिया गया। शारीरिक दक्षता परीक्षा में गड़बड़ी रोकने के लिए रेलवे भर्ती सेल ने अत्याधुनिक तकनीक का सहारा लिया है। इससे दौड़ में एक भी मिनट का हेरफेर संभव नहीं है। सभी अभ्यर्थियों को सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में इलेक्ट्रानिक मैग्नेटिक चिप लगाया गया है।
दक्षता परीक्षा 14 अप्रैल तक चलेगी। लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण हो चुके अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए बुलाया गया है। पहले दिन की दौड़ के लिए 1050 अभ्यर्थियों को बुलाया गया लेकिन 906 ही मौके पर उपस्थित हुए। अभ्यर्थियों के साथ उनके परिजन भी डीएसए ग्राउंड के इर्द-गिर्द मौजूद रहे। इस कारण सुबह से ही ग्राउंड के आसपास भीड़ रही। कई बार भीड़ को भगाने के लिए पुलिस को लाठी भी भांजनी पड़ी। किसी भी बाहरी व्यक्ति का डीएसए ग्राउंड में प्रवेश वर्जित कर दिया गया। परीक्षा में 144 अभ्यर्थी अनुपस्थित पाए गए। साथ ही दौड़ के दौरान 139 अनुत्तीर्ण घोषित कर दिए गए।