डॉ.कुमार ने किया यश के गीत संग्रह का लोकार्पण
- बोले, गीतों के बिना पूरा नहीं हिंदी कविता का इतिहास
प्रयागराज। जानेमाने कवि डॉ.कुमार विश्वास ने शनिवार को सुपरिचित गीतकार यश मालवीय के नए गीत संग्रह ‘हरे पत्तों की गवाही से’ का लोकार्पण किया। रुद्रादित्य प्रकाशन समूह से प्रकाशित गीत संग्रह को यश ने कुमार को भेंट किया। बाद में डॉ.कुमार बोले, यश जी का आवास ‘रामेश्वरम’ मेरे लिए साहित्यतीर्थ है। बिना यहां आए मेरी प्रयागराज की परिक्त्रस्मा पूरी नहीं होती है। प्रस्तुत गीत संग्रह, कविता के लिए बहुत शुभ है। इन गीतों की चर्चा के बगैर हिंदी कविता का इतिहास पूरा नहीं हो सकता।
इस दौरान डॉ.कुमार विश्वास ने रुद्रादित्य प्रकाशन समूह के निदेशक अभिषेक ओझा की ओर से समर्पित ‘द्वारिका प्रसाद माहेश्वरी बालगीत कोश’ का भी लोकार्पण किया। बोले, माहेश्वरी जी की कविताओं को पढ़कर हम बड़े हुए और कविता का संस्कार सीखा। कल मैंने फेंसबुक, ट्विटर पर उन्हें अपनी प्रणति पेश की और सुखद यह कि आज उनका बालगीत कोश मेरे हाथों में है, जिसका संपादन डॉ.ओम निश्चल और डॉ.विनोद माहेश्वरी ने किया है। यह संकलन बच्चों के लिए सर्वोत्तम उपहार है।
मेहंदौरी स्थित यश मालवीय के आवास पर आत्मीय जनों से मुलाकात के दौरान कुमार ने साहित्यिक विषयों पर चर्चाएं कीं। कार्यक्रम में गीतकार डॉ.श्लेष गौतम, अंशु मालवीय, आशीष पांडेय, विवेक प्रियदर्शन, अजीत सिंह, आरती मालवीय आदि मौजूद थीं।