Prayagraj News : Dr. AK Bansal file photo
- फोटो : prayagraj
बंसल हत्याकांड के मुख्य आरोपी आलोक सिन्हा की तलाश में बुधवार को पुलिस टीम नोएडा पहुंच गई है। उसके बारे में उसके परिचितों से जानकारी इकट्ठी की जा रही है। गाजियाबाद में आलोक ने जहां आफिस खोला था, वहां भी पूछताछ की गई है। पुलिस वहां काम करने वालों से भी पूछताछ करेगी। उनकी भी तलाश की जा रही है। आफिस पिछले कई सालों से बंद है, इस कारण से वहां काम करने वालों की तलाश मुश्किल हो रही है। पुलिस टीम दिल्ली भी गई थी। जल्द ही पुलिस की अन्य टीमों को आलोक के पटना स्थित पैत्रिक गांव और नेपाल भी भेजा जाएगा।
55 लाख के लेनदेन के मामले में डॉ. बंसल ने आलोक को जेल भेजवा दिया था। इसी का बदला लेने के लिए एडमीशन माफिया आलोक सिन्हा ने 70 लाख रुपये की सुपारी देकर बंसल की हत्या करवा दी थी। एसटीएफ ने दो दिन पहले प्रतापगढ़ के शूटर शोएब को गिरफ्तार किया तो मामले का खुलासा हो गया। एफआईआर में आलोक को मुख्य आरोपी बनाया गया है। पुलिस उसी दिन से आलोक की खोजबीन में जुटी है। सूत्रों के मुताबिक आलोक की तलाश में पुलिस टीम ने नोएडा और गाजियाबाद में छापा मारा।