माघ मेला 2026-27 की तैयारियों के बीच प्रयागराज पुलिस ने सुरक्षा और पुलिस व्यवस्थाओं के समन्वय की जिम्मेदारी तय कर दी है। अपर पुलिस आयुक्त डॉ. अजय पाल शर्मा को मेले का नोडल अधिकारी बनाया गया है, जबकि डीसीपी यातायात नीरज कुमार पांडेय सहायक नोडल अधिकारी होंगे। दोनों अधिकारियों के जिम्मे सुरक्षा, यातायात और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की अहम जिम्मेदारी होगी।
माघ मेला 2026-27 की सुरक्षा और पुलिस व्यवस्थाओं की कमान अपर पुलिस आयुक्त डॉ. अजय पाल शर्मा को सौंपी गई है। पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया ने शुक्रवार को उन्हें माघ मेले का नोडल अधिकारी नामित किया। वहीं, डीसीपी यातायात नीरज कुमार पांडेय को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है। दोनों अधिकारियों के जिम्मे मेले की सुरक्षा, यातायात समेत पुलिस से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं के समन्वय की जिम्मेदारी होगी।
विज्ञापन
नोडल अधिकारी डॉ. अजय पाल शर्मा मेला क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था के साथ पुलिस, पीएसी, जल पुलिस और यातायात समेत अन्य जनपदीय व्यवस्थाओं की निगरानी और समन्वय करेंगे। इसके लिए मेला अधिकारी के साथ रेलवे, पीडीए, पीडब्ल्यूडी, जल निगम, सेतु निगम, स्वास्थ्य, विद्युत और परिवहन विभाग के अधिकारियों से तालमेल स्थापित किया जाएगा।
मेला क्षेत्र में सुरक्षा एवं अभिसूचना शाखा, सिविल पुलिस, पीएसी, जल पुलिस, अर्द्धसैनिक बल, फायर सर्विस और रेडियो विभाग के बीच भी समन्वय की जिम्मेदारी नोडल अधिकारी की होगी। इसके अलावा विभिन्न अखाड़ों और अन्य हितधारकों से बातचीत कर सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। डीसीपी यातायात नीरज कुमार पांडेय सहायक नोडल अधिकारी के रूप में व्यवस्थाओं में सहयोग करेंगे। विशेष रूप से मेले में यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय किया जाएगा।