क्षेत्र के पाठकपुर गांव में तीन दिन पहले सात ग्रामीणों को काटकर घायल करने वाले लावारिस कुत्ते को ग्रामीणों ने सोमवार रात पीटकर मार डाला। इसके बाद कुत्ते के शव को गांव के बाहर तालाब के किनारे पेड़ से लटका दिया गया। मंगलवार सुबह शव पेड़ से लटका देखा गया।
कुत्ते के हमले में घायल सातों ग्रामीणों का प्रयागराज में उपचार कराया गया। ग्रामीण राधेश्याम हरिजन, अच्छे लाल चौहान, सुरेंद्र कुशवाहा, संतलाल चौहान, इंद्रजीत चौहान और विनय कुशवाहा का आरोप है कि गो आश्रय स्थल में मृत गोवंश के शवों का उचित तरीके से निस्तारण नहीं किया जाता। कई बार शव खुले में पड़े रहते हैं, जिन्हें कुत्ते नोंचते हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि इससे कुत्ते आक्रामक हो रहे हैं और आए दिन लोगों पर हमला कर रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से लावारिस कुत्तों से निजात दिलाने के साथ ही गोआश्रय स्थल में मृत गोवंश के शवों का उचित निस्तारण कराने की मांग की है।