prayagraj news : जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव में वोड डोलते वकील।
- फोटो : prayagraj
जिला अधिवक्ता संघ चुनाव के लिए सोमवार को हुए मतदान में कड़ाके की ठंड के बावजूद वकीलों ने जमकर मतदान किया। संघ की 18 सदस्यीय कार्यकारिणी के लिए 4048 सदस्यों में 2930 मतदाताओं ने किया। मतदान का आंकड़ा करीब 72 प्रतिशत रहा। चुनाव मैदान में कुल 114 प्रत्याशी हैं, जिनके भाग्य मतपेटियों में बंद हो गए हैं। मतगणना मंगलवार सुबह नौ बजे से कलेक्ट्रेट स्थित संगम सभागार में होगी। देर शाम तक परिणाम आ जाने की उम्मीद है। मतदान के दौरान अव्यवस्था के चलते एल्डर कमेटी के सदस्य सहित मतदान में सहयोग कर रहे लगभग 70 अधिवक्ता मतदान करने से वंचित रह गए । मतदान लगभग साढ़े चार बजे समाप्त करने की घोषणा की गई और मत पेटिका कड़ी सुरक्षा में कोषागार स्थित स्ट्रांग रूम में रखी गई है।
prayagraj news : जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव में वोट डोलते वकील।
- फोटो : prayagraj
सोमवार को मतदान तय समय सुबह नौ से लगभग एक घंटा देर से दस बजे से प्रारंभ हुआ। शुरूआत में मतदान धीमा रहा। ठंड और कोहरे के कारण गंगापार और यमुनापार क्षेत्रों से आने वाले बहुत से अधिवक्ता विलंब से कचहरी पहुंचे। दोपहर तक मतदान की गति धीमी रही। दोपहर के बाद अचानक भीड़ बढ़ गई और मतदान के लिए लंबी लंबी कतारें लग गई थीं। चुनाव अधिकारी के निर्देश पर 4:15 बजे के बाद मत पर्ची जारी करना बंद कर दिया गया। जो लोग पर्ची कटवाकर लाइन में लग गए थे, सिर्फ उन्हीं को मतदान की इजाजत दी गई। मतदान लगभग 4:45 बजे तक हुआ।
prayagraj news : जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव में मतदान करते अधिवक्ता।
- फोटो : prayagraj
चूंकि मतदान एक घंटा विलंब से शुरू हुआ था इसलिए प्रत्याशी और उनके समर्थक मतदान के लिए एक घंटा अधिक का समय चाहते थे। इसे लेकर आपस में कहासुनी होने लगी, जिससे मतदान स्थल पर कुछ देर के लिए अव्यवस्था उत्पन्न हो गई। मतदान स्थल पर उपस्थित बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के सदस्य सचिव देवेंद्र मिश्र नगरहा और एल्डर कमेटी के सदस्यों ने वकीलों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद मतदान स्थगित कर दिया गया। मतदान स्थगित होने के बाद मतदान में सहयोग कर रहे लगभग 70 अधिवक्ता और एल्डर कमेटी के सदस्य उमाशंकर तिवारी मतदान करने से वंचित हो गए। कुछ अव्यवस्थाओं को छोड़कर मतदान शांतिपूर्ण तरीके से हुआ।
चुनाव का संचालन चुनाव अधिकारी के अतिरिक्त एल्डर कमेटी के सदस्य कृष्ण बिहारी तिवारी, उमाशंकर तिवारी, धारा सिंह, अखिलेश झा, पूर्व अध्यक्ष विनोद चंद्र दुबे, सीताराम सिंह, भगवत प्रसाद पांडे, संघ के अध्यक्ष हरि सागर मिश्रा, मंत्री राकेश दुबे, वरिष्ठ अधिवक्ता सूबेदार सिंह, कमलेश चतुर्वेदी, रामचंद्र शर्मा, विजय सिंह गौर सहित अन्य अधिवक्ताओं ने चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। चुनाव के दौरान अपर जिलाधिकारी नगर, एसपी सिटी और पुलिस के अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे ।
बदला रहा चुनाव का पैटर्न
अधिवक्ता संघ के चुनाव में इस बार मतदान का पैटर्न कई मामलों में बदला रहा। पिछले कई वर्षों से लगातार निगरानी के लिए मतदान स्थल पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाते थे जो इस बार नहीं लगाए गए थे। मतदान के पर्ची कटवाने हेतु 15 काउंटर बनाए गए थे। इसी प्रकार से वोट डालने के लिए 40 केबिन बने थे। मतपेटियों को केबिन के पास न रखकर एक साथ सुरक्षित तरीके से रखा गया था ताकि कोई मतपेटियों से छेड़छाड़ न कर सके। सभी मतपेटियां साथ होने से अधिवक्ताओं को यह सुविधा थी कि वे जिस मतपेटी में चाहे अपना मतपत्र डाल सकते थे।