इलाहाबाद(ब्यूरो)। ‘अमर उजाला फाउंडेशन’, ‘भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम’ (एलिम्को) और एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज (एबीआईसी) की संयुक्त पहल पर 22 मार्च को प्रातः 10 बजे से ‘सबसे बड़ा नि:शक्तजन सहायता शिविर’ आयोजित किया जाएगा। इस दौरान नि:शक्तजनों को एक ही छत के नीचे वो सभी सुविधाएं मिलेंगी, जिनके वे हकदार हैं। शिविर में विकलांगता प्रमाणपत्र के आधार पर नि:शक्तजनों का रजिस्ट्रेशन एवं चयन किया जाएगा। साथ ही कृत्रिम अंग के लिए मेजरमेंट होगा। चयनित नि:शक्तजनों को अलग से शिविर आयोजित कर उपकरण एवं कृत्रिम अंग दिए जाएंगे। वितरण की तिथि बाद में घोषित की जाएगी। 22 को सिर्फ रजिस्ट्रेशन एवं चयन होगा। शिविर में नि:शक्तजनों को अन्य सरकारी विभागों से जुड़ी सुविधाएं भी मुहैया कराई जाएंगी।
कमला नेहरू रोड पर बिजली घर के सामने और रोडवेज बस अड्डे के पीछे एबीआईसी परिसर में 22 मार्च को सुबह नौ बजे से ‘सबसे बड़ा नि:शक्तजन सहायता शिविर’ आयोजित किया जाएगा। नि:शक्तजनों को ट्राई साइकिल, बैसाखी, व्हील चेयर, कान की मशीन, कृत्रिम अंग आदि मिल सके, इसके लिए मुख्य शिविर में एलिम्को की टीम निशक्तजनों का मेजरमेंट, रजिस्ट्रेशन एवं चयन करेेगी। चयनित नि:शक्तजनों को अलग से शिविर आयोजित कर उपकरण वितरित किए जाएंगे, जिसकी तिथि बाद में घोषित की जाएगी।
इसी शिविर में नारायण सेवा संस्थान (एनएसएस) की टीम उन सभी नि:शक्तजनों की जांच करेगी, जिन्हें ऑपरेशन की जरूरत है। जांच के आधार पर ऑपरेशन की तिथि निर्धारित की जाएगी और उस तिथि पर नि:शक्तजनों को बुलाया जाएगा। इसके अलावा शिविर में विकलांग ट्रेनिंग ऐंड रिहैबिलेशन सेंटर की टीम भी आएगी, जो नि:शक्तजनों का रजिस्ट्रेशन करेगी और मौका आने पर उन्हें पुनर्वास एवं रोजगार की सुविधा मुहैया कराएगी। अन्य सुविधाएं भी मिलेंगी। मसलन, शिविर के दौरान उन तमाम समस्याओं का भी समाधान होगा, जो अलग-अलग विभागों ने संबंधित है। शिविर में जिला समाज कल्याण विभाग, जिला विकलांग कल्याण विभाग, रेलवे, रोडवेज, नगर निगम, बिजली विभाग, स्वास्थ्य विभाग, आरटीओ, सेवायोजन कार्यालय, बैंक आदि विभागों के अलग-अलग काउंटर लगेंगे।
- शिविर में उन्हीं नि:शक्तजनों का चयन होगा, जिनके पास विकलांगता प्रमाणपत्र, आय प्रमाणपत्र, फोटोयुक्त पहचानपत्र और ऐसी फोटो हो, जिसमें विकलांगता स्पष्ट दिखाई दे रही हो। तहसील के साथ ग्राम प्रधान, विधायक और सांसद की ओर से जारी आय प्रमाणपत्र भी मान्य होगा। 15 हजार रुपये की मासिक आमदनी पर नि:शुल्क उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। फोटोयुक्त पहचान पत्र में पासपोर्ट, डीएल, बैंक पासबुक, पैन कार्ड, सरकारी कर्मचारी की विभागीय आईडी, राशन कार्ड, शस्त्र लाइसेंस, पेंशन कार्ड, रोजगार गारंटी स्कीम का कार्ड, जाति प्रमाणपत्र (एससी/एसटी/ओबीसी), पोस्ट ऑफिस सेविंग स्कीम पास बुक, आधार कार्ड या वोटर आईकार्ड में कोई एक मान्य होगा।