नाली की सफाई न होने से चौराहों और गलियों में फैली गंदगी व दुर्गंध के कारण ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ रही है। कई माह तक नालियों की सफाई न होने से लोगों में नाराजगी है।
बहरिया क्षेत्र के कहली, चंद्रावत, बेनीपुर, गमरहटा, तेजपुर समेत कई ग्राम सभाओं में सफाईकर्मी नियमित रूप से नालियों की सफाई नहीं करा रहे हैं। नालियों में गंदा पानी जमा होने और दुर्गंध की वजह से गांवों में मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ गया है। ग्रामीणों को बुखार और अन्य गंभीर बीमारियों का खतरा बना हुआ है। दुलहेपुर गांव निवासी संजय पटेल ने बताया कि कई माह बीत गए लेकिन नालियों की सफाई नहीं की गई। सफाईकर्मी अधूरी नाली साफ करके चले जाते हैं। इससे बीच रास्ते में गंदा पानी और कूड़ा जमा रहता है। ग्रामीणों ने समय पर नालियों की पूरी सफाई कराने की मांग की है।