इलाहाबाद-झांसी से स्नातक एमएलसी चुनाव में सपा प्रत्याशी डॉ. मानसिंह यादव ने जिला विद्यालय निरीक्षक पर भाजपा प्रत्याशी की मदद करने का आरोप लगाया है। उन्होंने इसकी लिखित शिकायत शुक्रवार को जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी से मिलकर की है। उन्होंने आरोप लगाया कि आठ अक्तूबर को भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में बैठक आयोजित हुई थी। जिले के विभिन्न विद्यालयों के प्रबंधकों व प्रधानाचार्यों को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से फोन कर बुलाया गया।
विज्ञापन
बैठक में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार प्रसार करने व मतदान कराने के लिए दबाव बनाने का आरोप है। पत्र में जांच कर संबंधित के खिलाफ निर्वाचन आचार संहिता का पालन न करने पर लागू कानून के तहत कार्रवाई की मांग की गई है। साथ ही निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र एवं भय मुक्त बनाये रखने के लिए निर्देश दिए जाने की मांग की गई है।
ज्ञापन देने वालों में साथ में सपा शिक्षक सभा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. एसपी सिंह पटेल, सुरेश कुमार, राजू पासी, प्रशांत सिंह आदि मौजूद रहे। वहीं, इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक संतोष कुमार राय का कहना है कि दक्ष प्रशिक्षण चल रहा है इस संबंध में बुलाया गया था। चुनाव के संबंध में कोई बात नहीं हुई थी।