डीआरएम ऑफिस में राष्ट्रीय डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान के तहत लगे विशेष शिविर में पेंशनरों क
उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय के नेतृत्व में प्रयागराज मंडल में राष्ट्रीय डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान 5.0 के तहत बुधवार को एक मेगा कैंप आयोजित किया गया। इस कैंप में कुल 526 डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाए गए और 160 पेंशनरों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। पेंशनरों को आधार, बैंकिंग, एचआरएमएस और यूएमआईडी संबंधी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं।
यह अभियान डिजिटल माध्यम से जीवन प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने की प्रक्रिया को सरल बनाने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है। मंडल सभागार में आयोजित विशेष मेगा कैंप में 404 डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र तैयार किए गए। मेगा कैंप का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल और पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग के संयुक्त सचिव ध्रुबज्योति सेन गुप्ता ने किया।
रजनीश अग्रवाल ने कहा कि अब पेंशनर आधार आधारित बायोमीट्रिक और फेस ऑथेंटिकेशन सुविधा से घर बैठे अपना जीवन प्रमाण पत्र बना सकते हैं। वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी वैभव गुप्ता ने बताया कि पिछले वर्ष प्रयागराज मंडल ने 525 डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाए थे, जो भारतीय रेलवे में सर्वाधिक थे।
संयुक्त सचिव ध्रुबज्योति सेन गुप्ता ने डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि डिजिटल माध्यम से तैयार किए गए जीवन प्रमाण पत्र अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक हैं। यूआईडीएआई के निदेशक आकाश दीप ने आधार फेस ऑथेंटिकेशन से घर बैठे प्रमाण पत्र बनाने की जानकारी दी।