माफिया अतीक अहमद के दोनों बेटे अच्छे नंबर से पास हो गए हैं। एक ने 12वीं में 80.5 प्रतिशत और दूसरे ने 10वीं में 68.4 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। अतीक के यह दोनों बेटे चर्चित उमेश पाल हत्याकांड के बाद करीब आठ महीने तक बाल संरक्षण गृह में बंद थे। स्कूल में उपस्थिति कम होने के बावजूद उन्हें परीक्षा देने की अनुमति दी गई थी।
बसपा विधायक राजू पाल हत्याकांड के गवाह उमेश पाल की 24 फरवरी 2023 को हत्या कर दी गई थी। अतीक के बेटे और उसके गुर्गे हत्या में शामिल हुए थे। पुलिस ने कार्रवाई शुरू की तो उसके परिवार के लोग फरार हो गए। पुलिस को उसके दो नाबालिग बेटे अहजम अहमद और आबान अहमद घर पर मिले थे। दोनों को 27 फरवरी से 10 अक्तूबर 23 तक बाल संरक्षण गृह में रखा गया था। इसी दौरान 15 अप्रैल 2023 को अतीक और अशरफ की हत्या हुई थी। उस समय अहजम सेंट जोसेफ इंटर कॉलेज में 12वीं का छात्र था।
इस घटना के बाद वह परीक्षा नहीं दे पाया। दूसरा बेटा नौंवी में था। बाल संरक्षण गृह से वह छूटे तो पुलिस सुरक्षा में रहने लगे। इस दौरान अतीक के दोनों बेटे स्कूल कभी नहीं गए। विशेष परिस्थिति में उन्हें स्कूल से छूट दी गई। इस दौरान वह अपने किसी रिश्तेदार के यहां शरण लिए थे। इस वर्ष की परीक्षा का सोमवार को परिणाम आया तो दोनों प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हो गए। अहजम ने ने हिंदी में सबसे अधिक 83 और भूगोल में 60 अंक प्राप्त किए हैं। दूसरा बेटा आबान अहमद 10वीं में था। उसने 68.4 प्रतिशत अंक हासिल किए। उसे हिंदी में 82 और गणित में 34 नंबर मिले हैं।
अतीक अहमद के दोनों बेटे अहजम और आबान ने घर में रहकर पढ़ाई की अनुमति मांगी थी। सुरक्षा कारणों से उन्हें स्कूल आने से छूट दी गई थी। दोनों ने परीक्षा दी थी और अब सफल हो गए हैं। फादर थामस-प्रधानाचार्य, सेंट जोसेफ स्कूल एंड कॉलेज।