धूमनगंज के कालिंदीपुरम में हुई घटना, मोहल्ले में फैली सनसनी
पांच दिन पहले ही लेकर आया था रहने, मर्चरी भेजा गया शव
प्रयागराज। धूमनगंज के कालिंदीपुरम में रहने वाली सन्नो पटेल (32) की हत्या कर उसकी लाश कमरे में बंद कर कातिल फरार हो गया। सुबह दुर्गंध पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुुंची तब लोगों को घटना की जानकारी हुई। महिला का पति बेटों समेत गायब है और फिलहाल वह पुलिस के शक के घेरे में है। उसकी तलाश की जा रही है।
सन्नो मूल रूप से फतेहपुर के बिंदकी में रोडवेज स्टेशन के पास रहने वाली थी। घरों में चूल्हे-चौके का काम करने वाली सन्नो की शादी बिंदकी के ही बाकराबाद निवासी प्लंबर शिवम के साथ हुई थी। शादी के बाद उसने बेटों ईशू(8) व आशू (6) को भी जन्म दिया। पांच दिन पहले शिवम उसे व छोटे बेटे आशू को साथ लेकर कालिंदीपुरम स्थित शादाब चौराहे के पास सुगम विहार कॉलोनी में किराये पर कमरा नंबर 11 में रहने लगा। मंगलवार सुबह कमरा नंबर सात से तेज बदबू आने पर कॉलोनी के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस कमरे के भीतर दाखिल हुई तो भीतर सन्नो मृत पड़ी मिली। शव दो से तीन दिन पुराना लग रहा था। पेट, कंधे व हाथ में चोट के निशान थे और शव फूल गया था। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो शव की हालत देखने से लग रहा है कि उसकी हत्या की गई। पुलिस ने तलाश की तो पति शिवम बेटे समेत गायब मिला। पुलिस ने पड़ोसियों से नंबर लेकर शिवम से फोन पर संपर्क किया तो उसने बताया कि वह फतेहपुर में है। घटना की जानकारी देकर नाम-पता पूछा ही जा रहा था कि उसका फोन कट गया। दोबारा मिलाने पर नंबर बंद बताने लगा। पुलिस का कहना है कि फिलहाल पति शक के घेरे में है। उसकी तलाश की जा रही है। शव को मर्चरी भेजवा दिया गया है।
19 को देखी गई थी अंतिम बार, दोनों में हुआ था झगड़ा
पड़ोसियों से पूछताछ में पुलिस को पता चला है कि सन्नो अंतिम बार 19 अक्तूबर को देखी गई थी। उस दिन वह कहीं काम पर गई थी जहां से आने में उसे देर हो गई थी। शाम को घर पहुंचने पर उसकी पति शिवम से जमकर झगड़ा भी हुआ था। खास बात यह कि एक दिन पहले पड़ोसियों को फोन कर शिवम ने सन्नो के बारे में पूछा भी था। उधर जांच पड़ताल में यह भी पता चला कि शिवम व सन्नो कालिंदीपुरम निवासी कॉन्ट्रैक्टर मनीष के संपर्क में थे और उसके जरिए ही उन्हें काम मिलता था। मनीष से बात करने पर पता चला कि शिवम परिवार समेत दो साल पहले शहर आया था और पहले कालिंदीपुरम मुख्य मार्ग पर रहता था। लेकिन बाद में वह बड़े बेटे को गांव छोड़ आया।
ससुराल में हंगामे पर भेजा गया था जेल
सूत्रों की मानें तो जांच पड़ताल में जुटी पुलिस को यह भी पता चला है कि दोनों के बीच अगस्त में भी झगड़ा हुआ था। इसके बाद सन्नो बच्चों को लेकर फतेहपुर चली गई थी। जिसके बाद शिवम ने ससुराल में जाकर मारपीट की थी। इस मामले में शिवम व उसके साले को पुलिस ने जेल भी भेजा था। करीब डेढ़ महीने बाद जेल से छूटकर आने के बाद उसने माफी मांगी और फिर सन्नो को लेकर शहर आ गया।