कीर्तनब्लिस में शामिल युवाओं का समूह। स्वयं
सिविल लाइंस स्थित हनुमान मंदिर में शनिवार शाम युवाओं की टोली जब हारमोनियम और ढोलक के साथ भक्ति गीत गाती है तो वहां मौजूद हर व्यक्ति मंत्रमुग्ध हो जाता है।
इस संगीतमय भक्ति यात्रा की शुरुआत तीन भाइयों अमन पांडे (26), नमन पांडे (25) और आदित्य पांडे (20) ने की थी। अमन बताते हैं कि वर्ष 2024 में एक दिन उनके भाई नमन ने कहा, चलो मंदिर चलकर भजन गाते हैं। तीनों भाई मंदिर पहुंचे और भजन गाना शुरू किया। उनके इस प्रयास को वहां मौजूद लोगों ने खूब सराहा। इसके बाद हर शनिवार की शाम भजन- कीर्तन उनकी दिनचर्या में शामिल हो गया। आज इस मंडली में अजीत दुबे, अमित अग्रहरी, सोमजीत जायसवाल, राज सिंह, अमृत प्रकाश दुबे समेत कई प्रतियोगी छात्र और इलाहाबाद विश्वविद्यालय के शोधार्थी छात्र भी शामिल हैं।
शनिवार शाम छह बजे से रात 8:30 बजे तक चलने वाले इस कीर्तन में भक्ति और सकारात्मक ऊर्जा का अद्भुत माहौल देखने को मिलता है। संवाद
वीडियो वायरल होने पर बनाया इंस्टाग्राम आईडी, करोड़ों में हैं व्यूज
अमन बताते हैं कि किसी श्रद्धालु ने उनका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। लोगों ने इसे खूब पसंद किया। अब हमने Keertanbliss नाम से इंस्टाग्राम आईडी बना ली है। अब हमारे करीब 4 लाख 68 हजार फॉलोअर्स हैं। साथ ही यूट्यूब पर 1 लाख 27 हजार से अधिक लोग जुड़ चुके हैं। कई शार्ट वीडियो पर लाखों और करोड़ों व्यूज भी हैं। सोशल मीडिया पर लोकप्रियता मिलने के बाद कई कंपनियों ने भी हमसे संपर्क किया है। अभी हम प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। भजन-कीर्तन करने का उद्देश्य समाज में सकारात्मकता फैलाना है।
कमाई नहीं, मानसिक शांति के लिए करते हैं भजन-कीर्तन
अमन बताते हैं वे सभी भजन-कीर्तन मानसिक शांति के लिए करते हैं। भजन हमें अंदर से मजबूत बनाता है। अगर हमारे भजन सुनकर किसी के चेहरे पर मुस्कान आती है या सुकून मिलता है तो यह हमारी सबसे बड़ी कमाई है।