केंद्र सरकार की प्राथमिकता वाले प्रोजेक्ट को भी पूरा करने की तारीख पर तारीख बढ़ती जा रही है। यहां बात हो रही है समर्पित माल भाड़ा गलियारा (डीएफसीसी) की। मालगाड़ियों के लिए बन रहे ईस्टर्न कॉरीडोर के तहत खुर्जा से भाऊपुर रेलखंड का काम नवंबर 2018 तक पूरा हो जाना था लेकिन यह काम अब तक पूरा नहीं हो सका है। समय से काम पूरा न कर पाने की वजह से डीएफसीसी अफसर इस प्रोजेक्ट को पूरा करने की मियाद लगातार बढ़ा रहे हैं।
पिछले सप्ताह वर्ल्ड बैंक की टीम के प्रयागराज आगमन के दौरान इस प्रोजेक्ट को पूरा करने की मियाद मार्च 2020 बताई। हालांकि इस अवधि में यह काम पूरा हो सकेगा या नहीं, यह मार्च 2020 में ही मालूम पड़ेगा।
दरअसल पंजाब के लुधियाना से पश्चिमी बंगाल के दानकुनी तक कुल 1856 किलोमीटर लंबा ईस्टर्न डीएफसी का निर्माण चल रहा है। वर्तमान समय खुर्जा से लेकर भदान तक अप लाइन में महज 194 किलोमीटर दायरे में ही माल गाड़ियों का संचालन अब तक शुरू हो सका है।
जबकि पांच अक्तूबर 2018 को एनसीआर मुख्यालय में डीएफसीसी के अनुराग सचान ने जीएम एनसीआर राजीव चौधरी एवं अन्य अफसरों के साथ बैठक कर खुर्जा से भदान होते हुए भाऊपुर तक 351 किलोमीटर तक यह काम पूरा करने की बात कही थी। इसके बाद 13 जून 2019 को एक अन्य बैठक जो एनसीआर जीएम की अध्यक्षता में हुई थी उसमें डीएफसीसी के प्रबंध निदेशक अनुराग सचान ने भाऊपुर-खुर्जा खंड नवंबर 2019 में खोले जाने का दावा किया।
हालांकि दोनों ही बार डीएफसीसी के दावे हवा हवाई ही साबित हुए। पिछले सप्ताह वर्ल्ड बैंक की टीम के साथ आए डीएफसीसी अफसरों ने अब यही प्रोजेक्ट मार्च 2020 तक पूरा करने की बात कही है। दरअसल वर्ल्ड बैंक ही इस प्रोजेक्ट की फंडिंग कर रहा है।
आधे अधूरे रूट के ओसीसी का उद्घाटन पीएम से करवाने की तैयारी
ईस्टर्न डीएफसीसी का ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर (ओसीसी) प्रयागराज के सूबेदारगंज में बनाया गया है। 29 फरवरी को पीएम मोदी प्रयागराज आ रहे हैं। इस वजह से डीएफसीसी ने पीएमओ को पत्र भेजकर पीएम से इस कार्यक्रम का उद्घाटन करवाने का आग्रह किया है। डीएफसीसी के सीपीआरओ वेद प्रकाश ने इसकी पुष्टि भी की है। हालांकि इस ओसीसी में अभी सिर्फ खुर्जा से भदान के बीच चल रही मालगाड़ियों की मॉनीटरिंग की जा रही है। जबकि इस पूरे रूट की लंबाई 1856 किमी है और जो रूट चालू है वह महज 194 किलोमीटर के एनसीआर के क्षेत्र का है।
विश्व बैंक को बताया गया है काम पूरा करने का यह लक्ष्य
भाऊपुर से मुगलसराय 402 किमी दिसंबर 2020
सोननगर से मुगलसराय 137 किमी दिसंबर 2020
खुर्जा से दादरी 46 किमी दिसंबर 2020
खुर्जा से लुधियाना 401 किमी दिसंबर 2021