दीपो की आभा... देव दीपावली पर संगम सहित सभी स्नान घाटो को दीपो की आभा से सजाया गया।
- फोटो : अमर उजाला।
न्यायमूर्ति ने गंगा आरती के साथ किया दीपदान
संगम नोज पर जिला प्रशासन, मेला प्राधिकरण और प्रयागराज विकास प्राधिकरण के अफसरों ने दीपोत्सव की आभा चटख बना दी। मुख्य अतिथि इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता, न्यायमूर्ति चंद्रधारी सिंह, न्यायमूर्ति नीरज तिवारी, न्यायमूर्ति बृज राज सिंह, न्यायमूर्ति अनीश कुमार गुप्ता, न्यायमूर्ति नंद प्रभा शुक्ला, न्यायमूर्ति स्वरूपमा चतुर्वेदी रहीं।
अतिथियों में ओडी फोर्ट के कमांडेंट कर्नल महिम शर्मा, जीएसटी कमिश्नर राजन दत्त, विधान परिषद सदस्य सुरेंद्र चौधरी के साथ एडीजी जोन डॉ. संजीव गुप्ता, आईजी अजय कुमार मिश्र, मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल, पुलिस आयुक्त जोगेंद्र कुमार, अपर पुलिस आयुक्त डॉ. अजय पाल शर्मा, डीसीपी नगर मनीष शांडिल्य, नगर आयुक्त सीलम साईं तेजा, पीडीए के उपाध्यक्ष ऋषि राज, डीएम मनीष वर्मा समेत अन्य अधिकारी शामिल रहे। इन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां त्रिवेणी की भव्य आरती कर दीपदान किया। इससे पहले जिलाधिकारी मनीष वर्मा ने अतिथियों का अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। डीएम ने कहा कि यह पहला मौका है जब दीपों की संख्या दस लाख पार कर गई। इसमें सभी विभागों और संस्थाओं का सहयोग रहा। संचालन आर्य कन्या डिग्री कॉलेज की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. रंजना त्रिपाठी ने किया।
दीपो की आभा... देव दीपावली पर संगम सहित सभी स्नान घाटो को दीपो की आभा से सजाया गया।
- फोटो : अमर उजाला।
सेल्फी प्वाइंट पर रही फोटो खिंचवाने की होड़
संगम नोज, किला घाट, महावीर मार्ग, अक्षयवट मार्ग, रामघाट, आरती स्थल, दारागंज घाट, दशाश्वमेध घाट तक दीपमालाएं दमकती रहीं। सेल्फी प्वाइंट पर फोटो खिंचवाने की होड़ मची रही। लोग दीपदान संग सेल्फी प्वाइंट पर उन क्षणों को यादगार बनाते रहे।
बलुआघाट बारादरी से की मां यमुना की आरती, जलाए दीप
कार्तिक महोत्सव आयोजन समिति की ओर से बलुआघाट बारादरी पर सात बटुकों ने मां यमुना की आरती उतारी। यमुनातट स्थित बलुआघाट बारादरी पर बुधवार की शाम कार्तिक महोत्सव-2025 के तहत देव दीपावली का आयोजन हुआ। जैसे ही संध्या बेला में आरती की गूंज उठी, पूरा तट दीपों की रोशनी से नहाया नजर आया। हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने दीपदान, आरती और भजन के कार्यक्रमों का आनंद लिया। समिति के अध्यक्ष महेंद्र कुमार पांडेय, उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह बबलू, कृष्ण कुमार पांडेय, गोपाल कृष्ण पांडेय, कृपा शंकर कुशवाहा, शनि अग्रहरि, रामजी और सुरेंद्र कुमार मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारियों ने मिलकर इस आयोजन को सफल बनाया।