अमर उजाला में लगातार खबर छपने, शहीद वाल व पार्क के निर्माण कार्य की नियमित समीक्षा का असर दिखने लगा है। काम करने वाली एजेंसी को ज्यादातर शहीदों से संबंधित विवरण उपलब्ध करा दिए गए हैं। पत्थर के काम के लिए दो टीमें लगाई गई हैं। होली के बाद काम में और तेजी की उम्मीद है।
स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत सिविल लाइंस बस अड्डे के सामने शहीद वाल व पार्क का निर्माण कराया जा रहा है। लेकिन इसकी प्रगति काफी धीमी है। यहां 32 शहीदों के म्यूरल लगने हैं। साथ ही उनकी शहादत से संबंधित शिलापट भी लगेंगी। कार्य करने वाली एजेंसी को सिर्फ आठ शहीदों का ही विवरण मिल पाया था।
अपर नगर आयुक्त दीपेंद्र यादव को निगरानी की जिम्मेदारी दी गई और उन्होंने नियमित समीक्षा शुरू कर दी। इसका प्रभाव दिखने लगा है। कमल नारायण एजेंसी को ज्यादातर शहीदों के विवरण उपलब्ध करा दिए गए हैं। शिलापट तैयार कर रहे जौनपुर के शिल्पकार को भी 16 शहीदों के विवरण मिले हैं। इसके बाद एक अन्य शिल्पकार को भी इस काम में लगाया गया। हालांकि, होली में दूसरे शिल्पकार घर चले गए।
इसके अलावा पिलर व दीवारों पर पत्थर लगाने के लिए भी दो टीमें लगाई गई हैं। बिजली आदि का काम भी तेजी से चल रहा है। शनिवार को वहां कुल 14 लोग काम कर रहे थे। साइट इंजीनियर ने निर्माण को लेकर कुछ भी बोलने से इंकार कर दिया हो। होली के बाद जरूरत के हिसाब से कारीगरों व मजदूरों की संख्या बढ़ाने की बात कही जा रही है।अपर नगर आयुक्त दीपेंद्र यादव का कहना है कि शहीद वाल के निर्माण की प्रगति की नियमित समीक्षा की जा रही है। डेढ़ महीने में काम पूरा कर लिया जाएगा। शहीदों के बारे में जानकारी उपलब्ध करा दी गई है। शिल्पकारों की संख्या बढ़ाकर शिलापट व म्यूरल बनाए जाएंगे।
होली बाद लगने लगेंगे पौधे
अफसरों का दावा है कि होली बाद पार्क में पौधरोपण का काम शुरू हो जाएगा। सजावटी व फूलों वाले पौधे दोनों ही लगाए जाएंगे। वहां लगाने के लिए लैंप पोस्ट को ऑर्डर भी हो गया है। होली बाद लैंप पोस्ट लगने भी लगेंगे। अन्य काम में भी होली बाद तेजी आने की बात कही जा रही हे।