होली का त्योहार सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस अफसरों ने कमर कस ली है। इसके लिए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। संवेदनशील इलाकों में ड्रोन से निगरानी के साथ ही पुलिस संग पीएसी भी तैनात करने का निर्णय लिया गया है। वहीं, चुनाव के मद्देनजर आई पैरामिलिट्री को भी सड़क पर उतारा गया है। अफसरों ने अपने-अपने क्षेत्राें में पैरामिलिट्री संग गश्त शुरू कर दी है।
होली पर किसी तरह की गड़बड़ी न हो, इसके लिए पुलिस की ओर से पूरी तैयारियां कर ली गई हैं। सभी थानों की फाेर्स को अपने-अपने क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहकर स्थिति पर निगाह बनाए रखने को निर्देशित किया गया है। खासतौर से पुराने शहर को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। मिश्रित आबादी वाले इलाकों जैसा खुल्दाबाद, अतरसुइया, कर्नलगंज, धूमनगंज आदि में लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।
होली पर इन इलाकों में संवेदनशील स्थलों पर पुलिस के साथ ही पीएसी के जवानों को भी तैनात किया जाएगा। जरूरत पड़ी तो ड्रोन से भी निगरानी कराई जा सकती है। इसके अलावा शांति व्यवस्था कायम रहे, इसके लिए पिछले दिनों चुनाव के मद्देनजर शहर में आई पैरामिलिट्री का भी सहयोग लिया जाएगा। आईटीबीपी के जवानों के साथ पुलिस अफसरों ने शुक्रवार से ही एरिया डॉमिनेशन की कार्रवाई भी शुरू कर दी है। अफसरों ने चकिया, दरियाबाद, अटाला, मिन्हाजपुर, गढ़ीकला समेत अन्य इलाकों में आईटीबीपी के जवानों संग पैदल गश्त की।