प्रयागराज के इफको हादसे के बाद इफको अस्पताल में मौजूद डाक्टर व अधिकारी।
- फोटो : PHOOLPUR
फूलपुर। इफ्को फूलपुर इकाई के पी-1 प्लांट में हुए अमोनिया गैस रिसाव की चपेट में आए डिप्टी मैनेजर अमोनिया राकेश कुमार की हालत उपचार के दौरान और बिगड़ गई। आनन फानन में उन्हें बुधवार की शाम लखनऊ के सहारा हास्पिटल में रेफर कर दिया गया। दूसरी ओर गैस की चपेट में आए अस्पताल में भर्ती कर्मचारियों का हालचाल जानने इफ्को के अधिकारी पहुंचे। सभी को अच्छे इलाज का आश्वासन दिया गया।
इफ्को फूलपुर में मंगलवार की रात अमोनिया गैस की चपेट में आने वाले डिप्टी मैनेजर अमोनिया राकेश कुमार की हालत गंभीर बनी हुई थी। उन्हें जागृति अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दिन में उन्हें सांस लेने में ज्यादा दिक्कत होने लगी। इसके बाद उन्हें लखनऊ के सहारा हास्पिटल रेफर कर दिया गया। उनके साथ परिवार वालों और इफ्को के अधिकारियों को भी भेजा गया है। उनके अलावा डिप्टी मैनेजर शिवप्रकाश राम, सीनियर मैनेजर यूरिया आरआर विश्वकर्मा, डिप्टी मैनेजर अमोनिया नरेंद्र यादव का इलाज शहर के जागृति अस्पताल में चल रहा है। वहीं एके कैथवास डिप्टी मैनेजर इंस्ट्रृमेंट व नारायनदास सीनियर मैनेजर अमोनिया को प्रीती नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है।
इफ्को अस्पताल में धर्मवीर सिंह, अजीत कुुशवाहा, काशी सिंह यादव, बलवान सिंह, चंद्रशेखर यादव, पीसी दिवाकर, गौरांग सिंह एवं कैजुअल मजदूर अजय यादव, लालजी यादव, हरिश्चन्द्र भर्ती कराए गए थे। इनमें चंद्रशेखर और हरिश्चंद्र यादव को छोड़कर सभी आठ कर्मचारियों को छुट्टी दे दी गई थी। अधिकारियों और कर्मचारियों का हाल जानने के लिए इफ्को के अधिकारी अस्पताल पहुंचे थे।अधिकांश कर्मचारियों का कहना था कि वे मौत के मुंह से बचकर वापस आए। एक समय तो ऐसा लग रहा था कि वे नहीं बच पाएंगे। अधिकारियों ने उनके परिजनों को अच्छे इलाज तथा अन्य मदद का आश्वासन दिया।
प्रबंध निदेशक ने पत्र भेजकर व्यक्त की संवेदना
फूलपुर। इफ्को के प्रबंध निदेशक डॉ. उदय शंकर अवस्थी ने मंगलवार रात अमोनिया गैस रिसाव में जान गंवाने वाले अधिकारियों बीपी सिंह और अभय नंदन के परिजनों को पत्र भेजकर संवेदना जताई है। उन्होंने कहा है कि दोनों अधिकारियों ने बहादुरी का परिचय देते हुए कई कर्मचारियों की जान बचाई है। पूरा इफ्को प्रबंधन उनके परिवार वालों के साथ खड़ा है। उन्होंने परिजनों को आश्वस्त किया कि हर संभव सहायता की जाएगी।