डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने नवगठित सहसों ब्लाक का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होने भाजपा सरकार की उपलब्धियों का बखान करते हुए कहा कि यूपी अब गुंडा माफियाओं से मुक्त हो रहा है। जनता विकास चाहती है।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को फूलपुर तहसील के नवगठित सहसों ब्लॉक मुख्यालय का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सहसों विकास खंड विकास का स्तंभ बनेगा। कहा कि गांव में बन रहे ब्लाक मुख्यालय से गांव के विकास को गति मिलेगी तथा निरंतर लोगों को प्रत्येक कार्य के लिए सुविधा भी रहेगी। डिप्टी सीएम ने इस दौरान प्रयागराज में तहसील की संख्या बढ़ाने पर भी जोर दिया। कहा कि अभी प्रयागराज के गंगापार में तहसीलों की संख्या तीन है। इसे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
विज्ञापन
भूमि पूजन करने के बाद यहां केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सहसों ब्लॉक के बन जाने से क्षेत्र का चहुंमुखी विकास होगा। ग्रामोत्थान व ग्रामोन्मुखी योजनाओं के क्रियान्वयन में और अधिक गति आएगी । यहां के लोगों को अब ज्यादा दूरी तय करके विकासखंड नहीं जाना पड़ेगा। सोशल सेक्टर की योजनाओं का लाभ देने में भी नए विकास खंड से लोगों को बहुत आसानी होगी। कहा कि प्रदेश में जहां बड़ी संख्या में निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं, तो वहीं सोशल सेक्टर की योजनाओं का भरपूर लाभ केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा सभी पात्र लोगों को दिया जा रहा है।
भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा सबका साथ -सबका विकास-सबका विश्वास की भावना के साथ बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों के लोगों को शासकीय योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है। जनप्रतिनिधियों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि जनमानस को सरकार की योजनाओं का भरपूर लाभ दिलाने में वे अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन करें। इस अवसर पर सांसद फूलपुर केशरी देवी पटेल, विधायक प्रवीण पटेल, भाजपा गंगापार अध्यक्ष अश्वनी दुबे, अवधेश चंद्र गुप्ता, अमरनाथ यादव आदि मौजूद रहे।