जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने चेतावनी दी है कि व्हाट्सएप के माध्यम से अधिकारी, कर्मचारी और विभाग की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से गलत अफवाहों, अभद्र टिप्पणी, भड़काऊ और राजनीतिक मैसेज न भेजे जाएं। यदि कोई ऐसा करता है तो बिना नोटिस और पक्ष सुने ग्रुप एडमिन और मैसेज भेजने वाले व्यक्ति के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की होगी।
बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी ने आदेश में लिखा है कि विभाग से जुड़े समस्त अधिकारी, कर्मचारी और शिक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका और जिम्मेदारी होती है। इसका सम्यक रूप से निर्वहन किया जा रहा है। बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित योजनाओं के संबंध में अधिकारियों की ओर से बैठक ली जाती है। साथ ही योजनाओं की प्रगति और समस्याओं पर चर्चा करते हुए उसका निस्तारण कराया जाता है।
साथ ही निर्देश दिया जाता है कि जहां समस्या हो, उसको तत्काल लिखित रूप में व्हाट्सएप, ईमेल के माध्यम से अवगत कराया जाए। प्राय: यह देखा जाता है कि कई अनाधिकृत व्यक्तियों की ओर से व्हाट्सएप के माध्यम से अधिकारी, कर्मचारी और विभाग की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से गलत, भड़काऊ और राजनीतिक मैसेज भेजे जाते हैं, यह कदापि ठीक नहीं है।