डेंगुरपुर-धनतुलसी गंगा घाट पर संचालित किया जा रहा ओवरलोड नाव।
- फोटो : अमर उजाला।
मांंडा ब्लॉक क्षेत्र के डेंगुरपुर-धनतुलसी गंगा घाट पर नाव संचालन के नाम पर लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ किया जा रहा है। क्षमता से अधिक सवारियां लादकर किनारे पहुंचाई जा रही हैं। ऐसे में बारिश और तेज हवा के बीच बाढ़ में नाव पलटने का खतरा बना रहता है।
मांडा के डेंगुरपुर धनतुलसी गंगा घाट पर भीड़ ज्यादा होने के कारण पॉवर बोट लगवाने का मानक तय है। इसके बाद भी विभागीय अधिकारियों की भ्रष्टाचार नीति के कारण लकड़ी की नाव के सहारे लोगों को आरपार किया जाता है। ऐसे में हादसे की आशंका बनी रहती है। इसके अलावा शाम छह बजे के बाद नाव संचालन पर रोक के बाद भी पैसे लेकर लोगों की जिंदगी को खतरे में डाला जाता है।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को कभी मामले की जांच करने की भी फुरसत नहीं मिलती है। गंगापार जाने वाले रविंद्र प्रताप, अक्षय राज, मकसूदन आदि ने बताया कि जब भी मेठ या ठेकेदार से शिकायत की जाती है तो उनका कहना होता है कि जाना हो तो जाओ, या मत जाओ। बिना नाव को पूरी तरह से भरे दूसरी तरफ नहीं भेजा जाएगा। इसके पूर्व पांच सालों में कई बार नाव पलटने से दर्जनों लोगों ने जान गंवाई है। इसके बाद भी अधिकारियों की नींद नहीं टूट रही है। मामले में जेई ने बताया कि जांच कराई जाएगी।