एसआरएन की ओपीडी में आए दो नए मरीज
मेडिकल कॉलेज में जांच को भेजे गए 14 नमूने
प्रयागराज। बारिश और उमस भरी गर्मी के इस मौसम में डेंगू पीड़ितों की संख्या भी बढ़ रही है। शुक्रवार को एसआरएन अस्पताल की ओपीडी में आए बुखार पीड़ित दो मरीजों में डेंगू की पुष्टि की गई। सितंबर महीने के 13 दिनों में 12 नए मरीज चिह्नित किए गए हैं। मेडिकल कॉलेज के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में डेंगू की जांच के लिए 14 बुखार पीड़ितों के रक्त नमूने भेजे गए हैं। अगस्त और सितंबर महीने के 43 दिनों में 33 मरीजों को जांच के बाद डेंगू पीड़ित चिह्नित किया गया है।
एसआरएन अस्पताल की ओपीडी में आए 11 मरीजों को कई दिनों से बुखार आ रहा था। जिला संक्रामक रोग इकाई के डॉ. एएन मिश्रा ने बताया कि मांडा और कोरांव से आए दो मरीजों को डेंगू से पीड़ित पाया गया है। बृहस्पतिवार को उनके रक्त की जांच की गई। दोनों के उपचार की व्यवस्था की गई है। इन दो मरीजों के साथ सितंबर माह में डेंगू के 12 नए मामले सामने आए हैं।
एसआएन, बेली, कॉल्विन अस्पताल की ओपीडी में आए बुखार पीड़ितों में डेंगू की शंका होने पर रक्त नमूने जांच के लिए एमएलएन मेडिकल कॉलेज के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में जांच के लिए भेजे जाते हैं। अगस्त और सितंबर में शुक्रवार तक करीब 300 मरीजों के रक्त नमूनों की जांच कराई गई।
डेंगू पीड़ितों का न केवल इलाज कराया गया। जिन क्षेत्रों में डेंगू के मरीज मिले हैं, वहां सत्यापन और त्वरित उपचार के लिए रैपिड रिस्पांस टीम (आरआरटी) भेजी गई हैं। - मेजर डॉ. जीएस बाजपेयी, सीएमओ
इस साल डेंगू मरीजों की स्थिति
-जनवरी-से जुलाई तक --0
-अगस्त 2019--------21
-सितंबर 2019-(13 तारीख तक) 12
-इस वर्ष डेंगू के कुल मरीजों की संख्या-33