फतनपुर के अमरई अधिवक्ता परिजनों से ज्ञापन लेते विधायक धीरज ओझा।
- फोटो : PRATAPGARH
हाइवे पर दुर्घटना के शिकार हुए जूनियर बार अध्यक्ष दिनेश पांडेय का शव बुधवार को तहसील में रखकर आक्रोशित वकीलों ने प्रदर्शन किया। अधिवक्ता पीड़ित परिवार को मुआवजे और हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। परिजनों से बात करने पहुंचे एसडीएम को घर से लोगों ने बैरंग लौटा दिया। बाद में क्षेत्रीय विधायक और एसडीएम मौके पर पहुंचे। परिजनों की मांगों को पूरा करने का वादा किया। जिसके बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया।
फतनपुर थाना क्षेत्र के अमरई निवासी जूनियर बार एसोसिएशन रानीगंज के तहसील अध्यक्ष दिनेश पांडेय की बाइक में मंगलवार दोपहर रानीगंज थाना क्षेत्र के कायस्थपट्टी में स्कार्पियो ने टक्कर मार दी थी। हादसे में दिनेश की मौत हो गई थी, जबकि बाइक पर पीछे बैठे मुवक्किल राजेंद्र जख्मी हो गया था। बुधवार की सुबह परिवार के लोग 25 लाख रुपये की मदद, नौकरी और सुरक्षा के लिए शस्त्र लाइसेंस दिलाने के साथ ही दोषी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। रानीगंज एसडीएम दिनेश के घर पहुंचे।
परिवार के साथ ही अधिवक्ता एसडीएम से बात करते हुए सवाल करने लगे कि उनके ंपास पीड़ित परिवार को 25 लाख रुपये दिलाने व दूसरी मांगों को पूरा करने का अधिकार है। एसडीएम के मौन साधने पर लोगों ने कहा कि फिर उनसे कोई बात नहीं करनी। करीब 11.30 बजे दिनेश का शव लेकर परिजन व साथी तहसील पहुंचे। तहसील में शव रखकर वकील प्रदर्शन करने लगे। वे मांग पूरी होने तक शव का अंतिम संस्कार न करने की जिद पर अड़े थे।
वकीलों के प्रदर्शन की खबर मिलने पर रानीगंज विधायक धीरज ओझा और एसडीएम शत्रोहन वै्श्य मौके पर पहुंचे। विधायक ने वादा किया कि शासन से दिनेश के आश्रितों को 25 लाख रुपये की मदद दिलाई जाएगी। इसके अलावा दोनों बेटियों को नगर पंचायत में वह नौकरी दिलाएंगे। पत्नी व एक बेटी के नाम से शस्त्र लाइसेंस भी बनवाया जाएगा। मांगों को पूरा करने के आश्वासन पर परिजन व अधिवक्ता साथी चार घंटे बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए लेकर रवाना हुए। रानीगंज थानाध्यक्ष ने बताया कि अभी घटना की तहरीर नही मिली है।
फतनपुर थाने के अमरई में मृत अधिवक्ता दिनेश पांडेय को कंधा देते विधायक धीरज ओझा।- फोटो : PRATAPGARH
फतनपुर थाने के अमरई गांव में अधिवक्ता का शव पहुंचने पर बिलखते परिजन।- फोटो : PRATAPGARH
फतनपुर थाने के अमरई गांव में अधिवक्ता का शव पहुंचने पर बिलखते बेटा बेटी व पत्नी।- फोटो : PRATAPGARH