छात्र संगठनों ने फूंका पुतला, निकाला गया कैंडल मार्च
महिला पशु चिकित्सक के हत्यारों को फांसी देने की मांग
प्रयागराज। हैदराबाद में एक महिला पशु चिकित्सक के साथ बलात्कार के बाद उसे जिंदा जलाए जाने की घटना से प्रयागराज के लोगों में भी आक्रोश है। तमाम छात्र संगठनों ने शनिवार को इस घटना के विरोध में प्रदर्शन किया, पुतला फूंका और कैंडल मार्च निकाला। संगठनों ने महिला के हत्यारों को तत्काल फंसी दिए जाने की मांग की है।
स्त्री मुक्ति लीग और दिशा छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं ने इस घटना के विरोध में इलाहाबाद विश्वविद्यालय के महिला छात्रावास परिसर के सामने प्रतिरोध सभा की और पूंजीवादी व्यवस्था एवं पितृसत्ता का पुतला फूंका। स्त्री मुक्ति लीग की नीशू ने कहा कि स्त्रियों के विरुद्ध विभिन्न किस्म के अपराध हर क्षण और हर जगह जन्म ले रहे हैं। उधर, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद विश्वविद्यालय विभाग के कार्यकर्ताओं ने भी घटना के विरोध में छात्रसंघ भवन के सामने बलात्कारियों का पुतला दहन किया और चारों हत्यारोपियों के लिए फांसी की मांग की। पुतला दहन करने वालों में अश्विनी कुमार मौर्य, अनुपम त्रिपाठी, विवेक पासवान, वैभव, नवीन आदि शामिल रहे।
वहीं, एनएसयूआई के जिला सचिव अजय पांडेय ‘बागी’ के नेतृत्व में छात्रसंघ भवन से चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा तक कैंडल मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया गया और आरोपियों को तत्काल फांसी दिए जाने की मांग की गई। इस दौरान प्रदेश महासचिव अनुभव सिंह समेत नेहा यादव, रितेश, मंगलेश, आशीष, अनिकेत, शिवेंद्र, प्रत्युष, अमित आदि मौजूद रहे। हैदराबाद की घटना के विरोध में इविंग क्रिश्चियन कॉलेज छात्र परिषद के अध्यक्ष लोहितार्क श्रृंगीऋषी के नेतृत्व में कॉलेज गेट से कटघर चौराहे तक और इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्र नेता विजय भारतीया के नेतृत्व में सुभाष चौराहे पर कैंडल मार्च निकाला गया। इसमें अरविंद यादव, रोहित यादपव, आशुतोष सोनी, हर्ष चंद्रा, दिलीप कुमार आदि शामिल रहे।
Demonstration at many places aganist Hyderabad brutual case- फोटो : CITY DESK
Demonstration at many places aganist Hyderabad brutual case- फोटो : CITY DESK