पृथ्वी पर गंगा अवतरण का पर्व ‘गंगा दशहरा’ मंगलवार को धूमधाम से मनाया गया। संगम से लेकर रसूलाबाद तक गंगा के घाट दीप मालिकाओं से सजे दिखे। आरती समितियों एवं सामाजिक संगठनों की ओर से विविध आयोजन किए गए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में गीत, संगीत, नृत्य के माध्यम से मोक्षदायिनी गंगा की महिमा और वर्तमान दशा को अभिव्यक्ति दी गई। गंगाभक्तों ने अविरल-निर्मल गंगा के लिए संकल्प लेेने सहित गंगा की समृद्धता के लिए प्रार्थना की।
हरिहर आरती समिति की ओर से रामघाट पर गंगा पूजन आरती के बाद भंडारा हुआ। प्रसाद पाने को लोगों का तांता लगा रहा। अध्यक्ष सुरेश चंद्रा ने स्वागत किया। महासचिव अवधेश चंद्र गुप्ता ने गंगा रक्षा का संकल्प पत्र भरवाया। उन्होंने कहा कि संकल्प पत्रों को पीएम मोदी को भेजा जाएगा। गंगा सेवा अभियानम की ओर से संगम तट पर गंगा पूजन आरती की गई। रेनू शर्मा की अगुवाई में अभियानम के सदस्यों एवं गंगा भक्तों ने गंगा गान के बाद गंगा रक्षा का संकल्प दोहराया।
प्रयाग संगम आरती समिति की ओर से संगम नोज पर गंगा आरती पूजन हुआ। संयोजक अरुण किशोर खन्ना की देखरेख में सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायक मनोज गुप्ता ने भजनों के माध्यम से गंगा की महिमा का गुणगान किया। उसके बाद भंडारा हुआ। प्रधान त्रिवेणी आरती एवं जन कल्याण समिति की ओर से महाआरती के बाद अध्यक्ष भोलानाथ की देखरेख में भंडारा हुआ। मां गंगा आरती समिति की ओर से रसूलाबाद घाट पर गंगा पूजन, आरती अध्यक्ष जीपी सिंह, हनुमान चंद्र चौरसिया की देखरेख में हुए कार्यक्रम में गंगा भक्तों ने निर्मल गंगा का संकल्प दोहराया।
गुदगुदाती रहीं हास्य व्यंग की कविताएं
गंगा दशहरा आयोजन समिति बख्शी बांध दारागंज की ओर से आयोजित कवि सम्मेलन में कवियों ने हास्य-व्यंग की कविताएं सुना कर गुदगुदाया। अध्यक्षता विनय शर्मा बागी ने की। संयोजन अमित जौनपुरी का था। स्वागत मनीष तिवारी ने अतिथियों का स्वागत किया। महंत मनपूरनदास त्यागी ने आशीर्वाद दिया। कविता पाठ करने वालों में योगेश झमाझम, नरेंद्र सिंह, शायर नायाब बलियावी, राधेश्याम भारतीय, राजकुमार अंजाना आदि ने कविता पाठ किया। इस अवसर पर राजकुमार, पवन सिंह, अवधेश आदि उपस्थित रहे।
लुभाती रही रंगारंग प्रस्तुति
नागवासुकि मंदिर कल्याण समिति एवं प्रयागराज सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को नागवासुकि मंदिर में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम हुआ। गंगा आरती पूजा से आरंभ हुए कार्यक्रम में रौद्र काली नृत्य, कृष्ण सुदामा, शेरावाली मां नृत्य प्रस्तुत किए गए। विश्व धरोहर का दर्जा दिलाने की मुहिम में लोगों की सहभागिता की अपील की गई। संयोजक तीर्थराज पांडेय ने कलाकारों को सम्मानित किया। संचालन राकेश श्रीवास्तव, केसी पांडेय ने किया। स्वागत भक्तराज पांडेय ,धन्यवाद ज्ञापन प्रशांत शुक्ला ने किया। इस दौरान मंदिर के पुजारी श्यामधर त्रिपाठी भी मौजूद रहे।
संगम पर की गंगा आरती
इलाहाबाद (ब्यूरो)। अयोध्या के जानकी घाट बड़ा स्थान के पुजारी अंजनी नंदन शरण जी महाराज ने रविवार को संगम तट पर मां गंगा की आरती की। चित्रकूट से आए भैरो दास जी महाराज और तीर्थपुरोहित दिनेश तिवारी उर्फ भैयो महाराज ने भी आरती की। इस दौरान भक्त भी मौजूद रहे। इसके बाद बांध पर रामविजय दास जी महाराज के आश्रम में भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।