लॉक डाउन के कारण एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर निर्णय अटक गया है। कचहरी बंद होने के कारण एसटीएफ की ओर से पेपर आउट मामले में अब तक चार्जशीट दाखिल नहीं की जा सकी है, जबकि प्रतियोगी छात्रों को वाराणसी के एसएसपी ने आश्वासन दिया था कि 25 मार्च तक हर हाल में चार्जशीट दाखिल हो जाएगी। इस मामले में अब लॉकडाउन खत्म होने के बाद ही कुछ निर्णय होने की उम्मीद है।
एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा 29 जुलाई 2018 को आयोजित की गई थी। इसके तहत 15 विषयों में शिक्षकों के 10768 पदों पर भर्ती होनी है। परीक्षा के बाद हिंदी और सामाजिक विज्ञान विषय का पेपर आउट होने का मामला सामने आया था। इस मामले में एसटीएफ ने पूर्व परीक्षा नियंत्रक अंजू कटियार को गिरफ्तार भी किया था। एसटीएफ अब तक इस मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी न हो पाने के कारण हिंदी और सामाजिक विज्ञान विषय का रिजल्ट फंसा हुआ है। आयोग बाकी 13 विषयों का रिजल्ट जारी कर चुका है और इन विषयों में चयनित सभी अभ्यर्थियों के अभिलेखों की सत्यापन प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है।
आयोग की ओर से चार विषयों के चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति की संस्तुति भी शासन को भेजी जा चुकी है, लेकिन एसटीएफ की जांच रिपोर्ट अब तक सामने ना आने के कारण नियुक्तियां भी फंसी हुई हैं। एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने पिछले महीने की शुरुआत में वाराणसी के एसएसपी से मुलाकात की थी और यह मांग की थी कि चार्जशीट जल्द ही दाखिल की जाए, ताकि आयोग चार्जशीट के आधार पर निर्णय ले सके। आयोग अध्यक्ष ने अभ्यर्थियों से पहले ही कह दिया था कि चार्जशीट दाखिल होने के बाद ही वह रिजल्ट पर कोई निर्णय लेंगे। अभ्यर्थियों से मुलाकात के दौरान वाराणसी के एसएसपी ने आश्वासन दिया था कि चार्जशीट हर हाल में 25 मार्च तक दाखिल कर दी जाएगी।
सूत्रों का कहना है कि इस मामले में जांच के लिए आयोग स्तर पर भी एक कमेटी बनाई गई है और मार्च के दूसरे हफ्ते में इस कमेटी के सदस्यों की एसटीएफ की जांच टीम के कुछ अफसरों के साथ बैठक हुई थी। बैठक में भी एक जांच अधिकारी ने आश्वस्त किया था कि 23 से 25 मार्च के बीच चार्जशीट दाखिल कर दी जाएगी। उधर, एलटी समर्थक मोर्चा के प्रतिनिधि अनिल उपाध्याय का कहना है कि कुछ दिनों पहले उनकी फोन पर विवेचना अधिकारी और वाराणसी के एसएसपी से बात हुई थी तो उन्होंने बताया कि लॉक डाउन के कारण कचहरी बंद है, इसलिए चार्जशीट दाखिल नहीं की जा सकी है। कचहरी खुलते ही चार्जशीट दाखिल कर दी जाएगी। फिलहाल प्रतियोगी छात्रों को अब लॉक डाउन खत्म होने का इंतजार है ताकि चार्जशीट दाखिल होने के बाद आयोग एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती पर कोई निर्णय ले सके।